Do You Know: जेब में रखे नोट पर गांधी जी की फोटो क्यों है और पहले किसकी होती थी?
General Knowledge Questions and Answers: क्या आप जानते हैं जिस भारतीय नोट को अपनी जेब या पर्स में लेकर घूमते हैं उसमें महात्मा गांधी जी की फोटो कब और क्यों छापी गई थी? अगर नहीं, तो आइए इसके बारे में जान लेते हैं.
General Knowledge Questions and Answers: कभी न कभी आपके मन में भी ये सवाल जरूर आया होगा कि आखिर भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी की तस्वीर ही क्यों होती है? क्यों उनका ही चेहरा भारतीय करेंसी के लिए चुना गया? और आधिकारिक तौर पर कब से नोटों पर गांधी जी की हंसती हुई तस्वीर लगाने का फैसला किया गया? आज हम आपको महात्मा गांधी और भारतीय नोटों से जुड़े ऐसे ही कुछ बेहद रोचक सवालों के जवाब बताने जा रहे हैं.
महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े ऐसे कई किस्से हैं जिनकी चर्चाएं आज भी होती हैं. हेनरी कार्टियर-ब्रेसन, मैक्स डेसफोर और मार्गरेट बर्क-वाइट जैसे दुनिया के मशहूर फोटोग्राफरों ने बापू की कई तस्वीरें खींचीं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चित और प्रचलित तस्वीर वही बनी जो आज भारतीय नोटों पर छपी है. आंखों में चश्मा और होठों पर वही जानी-मानी मुस्कान वाली गांधी जी की फोटो को नोटों पर कब और कैसे जारी किया गया? आइए जानते हैं.
कौन जारी करता है नोट?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के मुद्रा प्रबंधन विभाग की ओर से देश में करेंसी नोट जारी किए जाते हैं. नोटों के डिजाइन और सुरक्षा विशेषताओं को तय करने की जिम्मेदारी भी इसी विभाग की होती है. RBI के केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश पर केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ही नोटों के डिजाइन, रूप और सामग्री को हरी झंडी मिलती है. ये पूरी प्रक्रिया RBI अधिनियम, 1934 की धारा 25 के तहत संचालित की जाती है. जानकारी के लिए बता दें कि 1 रुपये का नोट वित्त मंत्रालय द्वारा जारी किया जाता है, जबकि अन्य सभी नोट RBI जारी करता है.
बैंकनोटों पर दिखने वाली गांधी जी की तस्वीर कब की है?
बैंकनोट पर दिखने वाली गांधी जी की तस्वीर ब्रिटिश राजनीतिज्ञ लॉर्ड फ्रेडरिक विलियम पेथिक-लॉरेंस के साथ खींची एक फोटो से ली गई है. दरअसल, साल 1946 में महात्मा गांधी जी की इस तस्वीर का फेस कटआउट लिया गया था. वो लॉर्ड फ्रेडरिक विलियम पेथिक-लॉरेंस के साथ तस्वीर में खड़े हुए थे और उसमें से गांधीजी की मुस्कुराती हुई तस्वीर को निकाल लिया गया था. हालांकि, ये तस्वीर किस फोटोग्राफर ने खींची है, इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है.
पहली बार कब जारी किया गया गांधी जी की तस्वीर वाला नोट?
भारतीय नोटों पर गांधी जी की तस्वीर पहली बार साल 1969 में दिखाई दी थी. महात्मा गांधी की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक विशेष स्मारक श्रृंखला जारी की थी, जिसमें 1, 2, 5, 10 और 100 रुपये के नोट शामिल थे. इन नोटों में गांधी जी को उनके सेवाग्राम आश्रम की पृष्ठभूमि के साथ दिखाया गया था और इस पर आरबीआई के तत्कालीन गवर्नर एल. के. झा के हस्ताक्षर थे.
इसके बाद अक्टूबर 1987 में जब पहली बार 500 रुपये का नया नोट पेश किया गया, तब इसमें गांधी जी की मुस्कुराती हुई वही पोर्ट्रेट तस्वीर इस्तेमाल की गई जिसे हम आज देखते हैं. इसके बाद 1996 से RBI ने सभी प्रमुख नोटों पर 'महात्मा गांधी सीरीज' के तहत ये तस्वीर छापना अनिवार्य कर दिया.
गांधी जी से पहले नोटों पर किसकी तस्वीर थी?
15 अगस्त 1947 को भारत आजाद तो हो गया, लेकिन कुछ महीनों तक देश में ब्रिटिश काल के किंग जॉर्ज VI की तस्वीर वाले नोट ही चलते रहे. इसके बाद साल 1949 में भारत सरकार ने आजाद भारत का पहला 1 रुपये का नोट जारी किया. इस नए नोट से किंग जॉर्ज VI की तस्वीर हटाकर सारनाथ के अशोक स्तंभ को स्थान दिया गया. दिलचस्प बात ये है कि शुरुआत में ब्रिटिश राजा की जगह महात्मा गांधी की फोटो लगाने का ही विचार था और इसके सैंपल डिजाइन भी बन चुके थे, लेकिन बाद में राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में अशोक के सिंह स्तंभ को चुनने पर सहमति बनी.
ये भी पढ़ें- Success Story: IIIT के सक्षम को मिला 1.25 करोड़ का रिकॉर्डतोड़ पैकेज, जानें किस कंपनी में हुआ चयन