36 साल पुराना जख्म फिर हरा! कारसेवकों पर गोली चलाने को सही बताकर घिरे सपा सांसद
समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग को सही ठहराया है. उनके बयान से राम मंदिर आंदोलन और मुलायम सिंह यादव की भूमिका पर सियासी बहस फिर तेज हो गई है.
समाजवादी सांसद सनातन पांडेय राम मंदिर के लिए बलिदान देने वाले कारसेवकों पर फायरिंग को सही बता रहे हैं. ऐसा समझ लीजिए कि इनके नाम में ही सिर्फ सनातन है. जिस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी पर बार-बार सवाल उठते हैं और जिसे राम मंदिर आंदोलन के इतिहास में एक दुखद दिन माना जाता है, उसे समाजवादी पार्टी के एक सांसद जरूरी बता रहे हैं. इस तरह का बयान देने वाले सांसद का नाम है सनातन पांडेय. आखिर सनातन पांडेय अयोध्या के उस 36 साल पुराने घाव को हरा क्यों कर रहे हैं? उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले फायरिंग को सही ठहराने के पीछे समाजवादी पार्टी की क्या रणनीति है?
यह घटना साल 1990 में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान हुई थी. उस समय विश्व हिंदू परिषद और दूसरे संगठनों के आह्वान पर देश के अलग-अलग राज्यों से कारसेवक यानी स्वेच्छा से मंदिर निर्माण के लिए सेवा करने वाले लोग अयोध्या पहुंचे थे. उस समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे.
कारसेवकों पर यह फायरिंग 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को दो अलग-अलग दिनों में हुई थी. उस दौरान कारसेवकों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की थी. उसके बाद फायरिंग की गई.
राज्य सरकार ने शुरुआत में मरने वालों की आधिकारिक संख्या 15 से 16 के बीच बताई थी, हालांकि बाद की कुछ रिपोर्ट में लगभग 21 लोगों की मौत का जिक्र किया गया. हिंदू संगठनों ने इससे भी ज्यादा मौत का दावा किया.
राम मंदिर आंदोलन का बड़ा मोड़ बनी थी घटना
यह घटना राम जन्मभूमि आंदोलन का एक बड़ा मोड़ मानी जाती है. इसे राम भक्तों के बलिदान के रूप में देखा जाता है. VHP ने इसकी तुलना जलियांवाला बाग से की. इससे मंदिर आंदोलन और तेज हुआ.
कुछ लोगों का यह भी कहना है कि इस फायरिंग ने 1992 में विवादित ढांचा तोड़ने और 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा तक का रास्ता तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसने उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति को प्रभावित किया. 1991 के लोकसभा और यूपी विधानसभा के चुनावों में BJP को इससे फायदा हुआ.
यह भी पढ़ें: DNA: दिवाली को बदनाम करना बंद करें! पटाखे नहीं, ये हैं दिल्ली की जहरीली हवा के असली विलेन
पहली बार कल्याण सिंह के नेतृत्व में यूपी में BJP की सरकार बनी. यानी कह सकते हैं कि इस घटना ने यूपी और देश की राजनीति को बदल दिया था. समाजवादी पार्टी के नेता भी इस पर बोलने से परहेज करते हैं. आज भी बीजेपी ने इसको लेकर समाजवादी पार्टी से माफी की मांग की.
चुनाव से पहले बयान के सियासी मायने
राजनीति में हर बयान का एक अर्थ होता है. जो मुद्दा पीछे छूट गया है, उसका चुनाव से पहले सनातन पांडेय ने अचानक जिक्र वैसे ही नहीं किया होगा. सवाल उठ रहे हैं कि कहीं यह मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करने की कोशिश तो नहीं है. कहीं यह यूपी में असदुद्दीन ओवैसी की रणनीति को नाकाम करने के लिए दिया गया बयान तो नहीं है.