पंजाब में ‘नशे’ को हराने वाला गांव: शराब नहीं, किताबों के 'ठेके'; 99% आबादी नशा मुक्त; देश के लिए बना मिसाल
ZEE मीडिया के नशा मुक्त भारत अभियान का लक्ष्य देश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना है. अपने अभियान की शुरुआत में हमने एक बात कही थी, जो लोग नशा करते हैं वो अपराधी नहीं, बल्कि नशा पीड़ित हैं, जिन्हें इलाज की जरूरत है. अब आपको पंजाब के उस गांव की कहानी बताएंगे जो नशा मुक्त होने के साथ देशभर के लिए मिसाल बन गया है.
क्या आप जानते हैं कि पंजाब में एक गांव ऐसा भी है, जो पहले नशे की चपेट में था, आज नशा मुक्त हो गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि यहां नशा करने वाले युवाओं को नशेड़ी नहीं बल्कि नशा पीड़ित समझा गया. उन्हें उचित इलाज दिया गया और आज ये गांव नशा मुक्त हो गया है. जो पंजाब नशे की वजह से बदनाम है, उसी पंजाब का एक गांव पूरी तरह नशा मुक्त कैसे हुआ, ये आज आपको ध्यान से पढ़ना चाहिए. यानी एक गांव, जहां शराब के ठेके नही, बल्कि किताब के 'ठेके' हैं. एक गांव जहां, किसी भी दुकान पर कोई भी नशा नहीं बिकता है. एक ऐसा गांव, जहां शराब तो क्या एनर्जी ड्रिंक की बिक्री भी वर्जित है.
ये है पंजाब के मोगा जिले का रणसिंग कलां गांव. 500 परिवारों वाले इस गांव की आबादी 3200 है, लेकिन इस गांव की पहचान इस बात से होती है कि इस गांव की 99 प्रतिशत आबादी नशा मुक्त है.
एक वक्त था जब पंजाब के इस गांव की स्थिति भी पंजाब के बाकी इलाकों की तरह थी. यहां के युवा भी शराब और ड्रग्स की चपेट में थे. लेकिन डेढ़ साल पहले गांव के सरपंच ने पूरे गांव को नशा मुक्त करने का अभियान चलाया.
अभियान में क्या-क्या हुआ?
- नशा पीड़ितों को इलाज करवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
- उपचार के दौरान 1100 रुपये प्रति माह भत्ता देने की व्यवस्था की.
- नशा मुक्त होने पर 11 हजार रुपये की इनाम राशी की घोषणा की.
- सिर्फ डेढ़ साल में 32 परिवारों को 11 हजार रुपये का इनाम दिया है.
इस गांव की युवा पीढ़ी को नशा मुक्त तो कर दिया लेकिन उसी के साथ साथ उनके लिए रोजगार का भी इंतजार किया. इसके साथ ही छोटे बच्चे भी नशे से दूर रहें इसीलिए यहां एक लाइब्रेरी बनवाई और लाइब्रेरी में आने वाले युवाओं को स्टाइपेंड दिया जाता है.
रणसिंह कलां गांव का नशा मुक्ति मॉडल
हम यहां पढ़ने आने वाले बच्चों को स्टाइपेंड देते हैं. हमारे गांव में शराब का ठेका नहीं. किताबों का ठेका है. लोगों को यहां किताबों का नशा है. रणसिंह कलां गांव की ये पहल एक क्रांतिकारी कदम है, जो दिखाता है कि संकल्प और समर्पण से नशे को हराया जा सकता है.
इस देश के हर शहर, हर गांव को रणसिंह कलां गांव का नशा मुक्ति मॉडल अपनाना चाहिए. क्योंकि अगर देश का युवा नशा मुक्त होगा तो देश का विकास कई गुना तेजी से होगा.
- भारत सरकार ने भी नशे से मुक्ति के लिए अभियान की शुरुआत की थी.
- देश के 36 करोड़ लोगों तक इस अभियान को पहुंचाया गया.
- 50 लाख से ज्यादा लोग इसके जरिये नशा मुक्ति की शपथ ले चुके हैं.
- इनमें से 40 लाख नशा पीड़ितों का उपचार किया गया.
- इस अभियान के जरिये 755 नए नशा मुक्ति केंद्र बनवाए गए.
लेकिन एक स्टडी ये भी कहती है कि देश में 7 करोड़ से ज्यादा लोग अभी भी नशे की लत से बुरी तरह प्रभावित हैं. इसीलिए जी मीडिया ने नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की है. आपको हमारे इस अभियान से जुड़ना चाहिए. अपने आसपास मौजूद नशा पीड़ितों की मदद करनी चाहिए, ताकि आपका भी गांव पंजाब के रणसिंह कला गांव की तरह नशा मुक्त हो पाए.