)
संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आंबेडकर ने कहा था. संवैधानिक नैतिकता कोई स्वाभाविक भावना नहीं है, इसे विकसित करना पड़ता है. लेकिन संविधान लागू होने के 76 साल बाद भी शायद देश के चंद लोगों में ये भावना विकसित नहीं हो पाई है. हम ऐसा क्यों कह रहे हैं, ये अब आपको जरूर जानना चाहिए. 23 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड ने वक्फ दिवस का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी पहुंचे थे. उनके अलावा जम्मू कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ दरख्शां अंद्राबी और कई मुस्लिम धर्मगुरु भी मौजूद थे. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ हुई. वंदे मातरम के सम्मान में वहां मौजूद हर व्यक्ति खड़ा हुआ.
उस मौके पर अलग-अलग धर्म, अलग-अलग विचारधारा और राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोग, राष्ट्रगीत के सम्मान में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े थे. उनकी यही तस्वीर इस हॉल से निकलकर बाहर आई तो हंगामा मच गया. कुछ कट्टरपंथियों ने विरोध करना शुरू कर दिया. अचानक कश्मीर में कट्टरपंथ का पारा, हाई लेवल पर पहुंच गया. कट्टरपंथी मौलाना कहने लगे कि जिन्होंने मुस्लिम होकर वंदे मातरम गाया है, उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी. पश्चाताप के साथ तौबा करने की बात कही गई. कुछ लोगों ने डरकर ऐसा किया भी. कई लोगों ने वीडियो जारी कर माफी मांगी.
अब तक आपने देखा होगा कि कुछ लोग मजहब का वास्ता देकर राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाने का विरोध करते हैं. लेकिन अब, कुछ लोगों से जबरन माफी मंगवाई जा रही है. कुछ कट्टरपंथियों को, कुछ मौलानाओं को ये बर्दाश्त नहीं हुआ कि मुसलमान होकर कोई वंदे मातरम गा रहा है.
#DNAमित्रों | कश्मीर में वक्फ दिवस..राष्ट्र गीत पर विवाद वंदे मातरम पर मौलानाओं का 'तौबा तौबा'! देश में कट्टरपंथ.. उच्चतम स्तर पर पहुंच गया! वंदे मातरम गाने पर माफी क्यों मांगी जा रही? #DNA #DNAWithRahulSinha #JammuKashmir #WaqfBoard #VandeMataram #MMU @rahulsinhatv https://t.co/sazQMqQMg0
— Zee News (@ZeeNews) November 26, 2026
वंदे मातरम के गायन के दौरान खड़े होने को लेकर जिस तरह प्रतिक्रिया आ रही है वो वाकई चिंताजनक होने के साथ कई सवाल खड़े करती है.
जिन लोगों ने इस विवाद की शुरुआत की है, उन्हें दो चीजों में अंतर पता होना चाहिए. पहला राष्ट्र प्रेम और दूसरा धर्म. उन्हें ये समझना चाहिए कि राष्ट्रगीत के सम्मान में खड़े हो जाना. वंदे मातरम गाना किसी दूसरे धर्म की इबादत नहीं है. वंदे मातरम का विरोध करने वालों को इसे धर्म से जोड़ने के बजाय राष्ट्रीय स्मृति से जोड़कर देखना चाहिए.
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भी मानना था. उन्होंने कहा था वंदे मातरम कोई धार्मिक उद्घोष नहीं है, बल्कि एक राष्ट्रीय उद्घोष है.
गांधी जी ने ये कहा था कि वंदे मातरम को उचित अवसरों पर सभी को मिलकर गाना चाहिए. लेकिन जम्मू कश्मीर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में जब कुछ मुस्लिम धर्मगुरु स्वेच्छा से वंदे मातरम के सम्मान में खड़े हुए तो अपने ही समुदाय के सामने सफाई देनी पड़ गई.
24 जनवरी 1950 को संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने ऐतिहासिक घोषणा की थी. उन्होंने कहा था वंदे मातरम को जन गण मन के बराबर सम्मान और दर्जा दिया जाएगा. यह घोषणा भारत की संविधान सभा में हुई थी. इसलिए वंदे मातरम की राष्ट्रीय पहचान किसी सरकार, किसी राजनीतिक दल या किसी धार्मिक संगठन की बनाई हुई नहीं है. हालांकि 2026 में एक महत्वपूर्ण कानूनी संशोधन जरूर हुआ.
इसके बाद किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर राष्ट्रगीत के गायन को रोकना या राष्ट्रगीत गाने वाली सभा में बाधा डालना दंडनीय अपराध बनाया गया. कानून में खड़ा होने या न होने के शब्द स्पष्ट रूप से नहीं लिखे गए हैं, लेकिन सामान्य प्रोटोकॉल के तहत ये उम्मीद की जाती है कि हर व्यक्ति खड़ा हो.
जम्मू कश्मीर में भी वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में लोग इसके सम्मान में खड़े हुए लेकिन इसकी तस्वीर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया. हालांकि इसी कार्यक्रम में उपस्थित मौलाना मुफ्ती अब्दुल रशीद दाऊदी का अपना अलग तर्क है.
मौलाना मुफ्ती अब्दुल रशीद के मुताबिक वंदे मातरम के सम्मान में खड़ा नहीं होने को लेकर कहीं कोई लिखित धार्मिक आदेश है ही नहीं. यानी जो इसका विरोध कर रहे हैं उनकी मंशा विशुद्ध रूप से एक धार्मिक विवाद खड़ा करना है और कुछ भी नहीं.
इस कार्यक्रम में राजनीतिक दल भी शामिल थे. बीजेपी के केंद्रीय मंत्री थे. नेशनल कॉनफ्रेंस के विधायक मौजूद थे. लिहाजा मामला राजनीतिक भी हो गया है. एक पक्ष राष्ट्रगीत के सम्मान में खड़े होने का समर्थन कर रहा है तो दूसरा इस विरोध को जायज ठहरा रहा है.
वंदे मातरम को लेकर ये विवाद कोई नया नहीं है. रह रह कर यह मुद्दा उठाया जाता है. लेकिन इसे धार्मिक आदेशों के बजाय आपसी समझ और संवैधानिक अधिकारों के आधार पर देखा जाना चाहिए. क्योंकि यहां मामला देशभक्ति का है, मजहब का नहीं.