SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

GTA 6 की दीवानगी के पीछे कितना खतरनाक है गेमिंग का संसार? क्या वर्चुअल हिंसा का असर असल जिंदगी में भी दिखता है?

GTA 6 की जबरदस्त लोकप्रियता के बीच हिंसक वीडियो गेम्स के बच्चों पर असर को लेकर बहस तेज है. सवाल है कि क्या वर्चुअल हिंसा बच्चों के व्यवहार और वास्तविक जिंदगी को प्रभावित करती है.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 14, 2026, 22:48 IST | Updated: Nov 14, 2026, 22:58 IST
Image Credit: Ai की मदद से बनाई गई तस्वीर
Join

अब हम इंसान को अपराधी बनाने वाले एक गेम का DNA टेस्ट करने वाले हैं. इस गेम को दुनिया के सबसे लोकप्रिय गेम्स में से एक माना जाता है, लेकिन यह समझना जरूरी है कि कैसे इस तरह के गेम खेलते-खेलते इंसान क्रूरता की हद पार करने लगता है. इस गेम का नाम है GTA यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो. करीब 13 साल के इंतजार के बाद इस गेम का नया वर्जन GTA 6 लॉन्च होने वाला है. इस गेम का बजट बुर्ज खलीफा से भी ज्यादा बताया जा रहा है. इसके ट्रेलर ने YouTube पर सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. इस गेम ने दुनियाभर की कंपनियों के HR डिपार्टमेंट को भी परेशान कर दिया है, क्योंकि जिस दिन यह गेम लॉन्च हो रहा है, उस दिन छुट्टियों की अर्जियों ने भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

आखिर इस गेम का क्रेज इतना ज्यादा क्यों है? इसके साथ ही यह भी समझना जरूरी है कि इस गेम को लेकर दुनियाभर में विरोध क्यों हो रहा है और बच्चों में हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप क्यों लग रहे हैं.

क्या है GTA गेम और क्यों है इसका इतना क्रेज?

GTA का पूरा नाम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो है. यह कोई साधारण वीडियो गेम नहीं है, बल्कि एक ऐसी वर्चुअल दुनिया है, जिसमें खिलाड़ी खुद एक किरदार बनकर शहर में घूम सकता है, गाड़ी चला सकता है, लोगों से बातचीत कर सकता है और अलग-अलग हिंसक मिशन पूरे कर सकता है.

GTA 6 को लेकर कहा जा रहा है कि यह किसी फिल्म की तरह है. लेकिन यहां चिंता की बात यह है कि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे देखने के साथ-साथ आप उसकी अपराध की दुनिया का हिस्सा भी बन जाते हैं.

GTA 6 असल जिंदगी के मियामी शहर से प्रेरित एक शहर पर आधारित है. इसमें दो किरदार हैं, जेसन और लूसिया. ये दोनों अपराध की दुनिया में फंसे हुए हैं और एक बड़ी आपराधिक साजिश का हिस्सा हैं.

इस गेम की सबसे खास बात यह है कि यह एक ओपन वर्ल्ड गेम है. यानी इसमें खिलाड़ी किसी भी रास्ते पर जा सकता है, किसी भी दरवाजे में घुस सकता है और किसी भी खिड़की से कूद सकता है. इस गेम में मैप का कोई अंत नहीं है.

हालांकि, इस गेम को लेकर दुनियाभर में विवाद भी छिड़ गया है. इस विवाद की वजह समझने से पहले यह जानना जरूरी है कि यह गेम कितना लोकप्रिय है.

यह भी पढ़ें: दुनिया के 188 देशों की इकोनॉमी से भी बड़ा है यह मार्केट, अब भारत खुद बनाएगा अपने विमान!

GTA 6 के ट्रेलर ने तोड़े रिकॉर्ड, करोड़ों लोगों ने देखा

GTA 6 का पहला ट्रेलर दिसंबर 2023 में रिलीज हुआ था. इस ट्रेलर को पहले 24 घंटे में 9 करोड़ 30 लाख लोगों ने देखा. YouTube पर पहले 24 घंटे में किसी भी नॉन-म्यूजिक वीडियो को इतने लोगों ने पहले कभी नहीं देखा था. इस ट्रेलर को अब तक 30 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं. मई 2025 में इसका दूसरा ट्रेलर लॉन्च हुआ. इस ट्रेलर को 18 करोड़ लोगों ने देखा. वहीं, एक महीने पहले रिलीज हुए तीसरे ट्रेलर को एक महीने में 8 करोड़ लोग देख चुके हैं. इस गेम का क्रेज सिर्फ इसके ट्रेलर के व्यूज से ही नहीं, बल्कि इसके लॉन्च से पहले ही इसकी बिक्री के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है. गेम लॉन्च होने से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग की जा रही है.

GTA 6 की लॉन्चिंग के दिन छुट्टी लेने की होड़

GTA 6 की लॉन्चिंग से पहले एक अलग क्राइसिस शुरू हो गई है. दुनियाभर में इस गेम की लॉन्च डेट यानी 19 नवंबर के लिए लोगों ने छुट्टियों के लिए अप्लाई करना शुरू कर दिया है. 19 नवंबर 2025 की तुलना में 19 नवंबर 2026 को 32 प्रतिशत से ज्यादा फुल टाइम कर्मचारियों ने छुट्टी के लिए अप्लाई किया है. सबसे ज्यादा छुट्टियां 20 से 40 साल की उम्र के लोगों ने ली हैं. इस आयु वर्ग में छुट्टियों की अर्जियों में करीब 300 प्रतिशत का इजाफा हुआ है.

क्यों है GTA 6 का इतना ज्यादा क्रेज?

GTA को दुनिया का दूसरा सबसे लोकप्रिय गेम माना जाता है. GTA 6 को लेकर इतना क्रेज इसलिए भी है, क्योंकि इसका पिछला फुल वर्जन 13 साल पहले आया था. 13 साल के इंतजार ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया है. एक अनुमान के हिसाब से GTA 6 को बनाने में करीब 15 हजार करोड़ रुपये लगे हैं. बुर्ज खलीफा को बनाने में 14 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए थे. दुनिया की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल 'स्टार वॉर्स: द राइज ऑफ स्काईवॉकर' को बनाने में साढ़े चार हजार करोड़ रुपये का खर्च आया था. माना जा रहा है कि यह गेम अपने लॉन्च के पहले हफ्ते में ही 30 हजार करोड़ रुपये की कमाई कर लेगा.

GTA 6 पर क्यों हो रहा है विवाद, 8 देशों में बैन

GTA 6 जितना लोकप्रिय है, उतना ही विवादित भी है. इस गेम के लॉन्च होने से पहले प्लेस्टेशन पर इसका एक बोनस वर्जन लॉन्च हुआ, लेकिन दुनिया के आठ देशों में इसे बैन कर दिया गया.

बहरीन, चीन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, रूस और ताइवान में इसे बैन कर दिया गया है. वहीं, ताजिकिस्तान दो साल पहले ही इस गेम के हर वर्जन को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर चुका है.

GTA को लेकर बैन और विवाद के पीछे की वजह भी समझनी जरूरी है. इस गेम में प्लेयर को इतनी आजादी होती है कि वह सड़क पर किसी भी तरह से गाड़ी चला सकता है, किसी को भी टक्कर मार सकता है और सड़क चलते किसी दूसरे व्यक्ति को कुचल सकता है.

इसके अलावा गेम में प्लेयर हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है और उनसे किसी पर हमला कर सकता है. शरीर के अंगों को काटने और क्षत-विक्षत करने जैसी तस्वीरों का भी जिक्र है. इसे खेलते समय प्लेयर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो सकता है.

इस गेम में लूटपाट से लेकर हत्या और पुलिस से मुठभेड़ तक करने की आजादी है. प्लेयर गेम में गैंगवार का हिस्सा भी बन सकता है. गेम के अंदर ड्रग्स और अश्लील भाषा का इस्तेमाल भी दिखाया जाता है.

क्या GTA खेलने से इंसान हिंसक हो सकता है? सामने आए ये मामले

कहने को तो यह एक वर्चुअल वर्ल्ड यानी काल्पनिक दुनिया है, लेकिन इस गेम को खेलने वाले प्लेयर्स कई बार रियल वर्ल्ड में भी हिंसा को अंजाम दे चुके हैं.

इसका सबसे चर्चित उदाहरण साल 2003 का डेविड मोरे केस है. डेविड मोरे ने पुलिस हिरासत में ही एक पुलिस अफसर का हथियार छीनकर उन पर हमला कर दिया था. इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी. इन हत्याओं के लिए डेविड मोरे को मौत की सजा सुनाई गई, लेकिन बाद में आरोपी और मृतकों के परिवार ने इस गेम के निर्माताओं पर केस कर दिया था.

साल 2003 में ही अमेरिका के टेनेसी में 16 और 14 साल के दो भाइयों ने एक चलती गाड़ी पर गोलीबारी कर दी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. पूछताछ में दोनों ने बताया कि GTA-3 में उन्होंने इस तरह का टास्क किया था.

साल 2006 में अमेरिका के न्यू मैक्सिको में एक बच्चे ने अपने पिता, अपनी सौतेली मां और सौतेली बहन की हत्या कर दी थी. यहां भी यह बताया गया कि गोली मारने वाला लड़का घंटों GTA खेला करता था.

हालांकि, इन तीनों मामलों में गेम के निर्माताओं पर आरोप सिद्ध नहीं हो पाए. लेकिन इस बात को बिल्कुल नकारा नहीं जा सकता कि गेम खेलने की वजह से बच्चे हिंसक और आक्रामक होते हैं.

यह मामला सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं है. GTA 6 भारत में भी लॉन्च हो रहा है. साथ ही यह इकलौता गेम नहीं है, जो हिंसा को बढ़ावा देने के आरोपों से घिरा है. ऐसे कई और गेम्स हैं, जिन्हें बच्चे बेधड़क खेल रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 480 करोड़ की सड़क 9 साल में ही क्यों धंस गई? एक गड्ढे से 30 करोड़ का नुकसान, फिर भी अफसर चुप क्यों?

भारत में तेजी से बढ़ रहा ऑनलाइन गेमिंग का बाजार

भारत में ऑनलाइन गेमिंग का सेक्टर अब डिजिटल इकोनॉमी का एक बेहद मजबूत और बड़ा हिस्सा बन चुका है. ऑनलाइन गेमिंग ने साल 2024 में 23 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का रेवेन्यू दर्ज किया. अनुमान है कि साल 2027 तक ऑनलाइन गेमिंग का कारोबार 30 हजार करोड़ रुपये के पार जा सकता है.

लेकिन यहां यह जानना जरूरी है कि इस अर्थव्यवस्था में हिंसक गेम्स की भी बड़ी हिस्सेदारी है. भारत में कमाई के मामले में फ्री फायर गेम पहले नंबर पर है और BGMI दूसरे नंबर पर.

इन दोनों गेम्स में खिलाड़ियों को हथियार उठाकर दूसरे खिलाड़ियों पर गोली चलानी होती है. विरोधियों को मारकर या गेम से बाहर करके अंत तक जिंदा रहना होता है. यह बिल्कुल उस PUBG गेम की तरह है, जिसे भारत में साल 2020 में बैन किया गया था.

बात सिर्फ एक-दो गेम्स की नहीं है, बल्कि ऐसे कई गेम्स हैं, जिन्हें बच्चे बेधड़क खेल रहे हैं. सवाल यह है कि इन गेम्स का बच्चों पर क्या असर पड़ रहा है.

गेमिंग की लत को WHO ने दिया गेमिंग डिसऑर्डर का नाम

विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO ने गेमिंग की गंभीर लत को गेमिंग डिसऑर्डर का नाम दिया है. एक रिसर्च में यह पाया गया है कि गेम खेलने वाले हर 100 में से तीन बच्चों में यह डिसऑर्डर पाया जाता है. WHO के मुताबिक, गेमिंग डिसऑर्डर में बच्चे गेम खेलते वक्त अपनी आदतों पर नियंत्रण खो देते हैं. वे पढ़ाई, परिवार और दोस्तों से ज्यादा महत्व गेम को देने लगते हैं. गेमिंग की लत के नकारात्मक असर समय-समय पर सामने आते रहते हैं. भारत में भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें गेम खेलने से रोकने या फोन छीनने पर बच्चों ने हिंसक कदम उठाए.

जून 2022 में लखनऊ में एक लड़के ने अपनी मां को इसीलिए गोली मार दी, क्योंकि मां ने उसे ऑनलाइन गेम खेलने से रोका था. अक्टूबर 2024 में छत्तीसगढ़ के धमतरी में दसवीं के एक छात्र ने इसीलिए आत्महत्या कर ली थी, क्योंकि पिता ने PUBG खेलने के लिए उसे डांटा था. इसी साल मई महीने में 16 साल के लड़के ने इसीलिए आत्महत्या कर ली थी, क्योंकि घरवालों ने गेम की लत की वजह से उसका फोन छीन लिया था. ये कुछ उदाहरण हैं. ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं और ऐसे मामलों की फ्रीक्वेंसी बीते कुछ दिनों में बढ़ी है.

बच्चों के हाथ में हिंसक गेम्स का कंट्रोल होना चाहिए?

एक तरफ GTA 6 है, जिसके आने का इंतजार दुनिया के करोड़ों लोग कर रहे हैं. दूसरी तरफ हिंसक गेम्स हैं, जिनकी वर्चुअल दुनिया बच्चों को हिंसक बना रही है. सवाल यह है कि क्या बच्चों के हाथ में ऐसे गेम्स का कंट्रोल होना चाहिए? हर बार माता-पिता को सलाह दी जाती है कि बच्चों को ऐसे गेम्स से दूर रखें, लेकिन जिम्मेदारी उन एजेंसियों की भी होनी चाहिए, जो ऐसे गेम्स को हमारे देश में रिलीज होने देती हैं. आखिर इस तरह के हिंसक गेम्स को लॉन्च होने से पहले ही बैन क्यों नहीं किया जाता है?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES