NSG कमांडोज को अब नहीं लगेगी गर्मी! सरकार ने बदल दिया यूनिफॉर्म का कपड़ा, जानिए नए 'नाइको' मटीरियल की खूबी
भारत के जांबाज ब्लैक कैट कमांडोज यानी NSG की वर्दी अब बदली जा रही है. इसके लिए एक ऐसे कपड़े का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे जवानों को गर्मी नहीं लगेगी.
देश के VIPs की सुरक्षा करने वाले ब्लैक कैट कमांडोज़,यानी NSG के कमांडोज की वर्दी बदली जा रही है. उनकी वर्दी अब एक नए मटीरियल से बनाई जाएगी. इस मटीरियल का नाम है नाइको, जो नाइलोन और कॉटन का मिश्रण है. नाइको नाम का ये पदार्थ वर्दी के अंदर ज्यादा गर्मी पैदा नहीं होने देता. कॉटन यानी सूती हिस्सा शरीर पर आए पसीने को सोख लेता है और नाइलोन की वजह से वर्दी में छोटे छोटे छेद बनते हैं. वे बाहर की हवा को वर्दी के अंदर आने देते हैं, जिसकी वजह से पसीना सूख जाता है. इस तरह नाइको से बनी वर्दी, एक कमांडो को गर्मी से बचाती है.
कैसी होगी NSG के ब्लैक कैट कमांडो की नई वर्दी?
NSG के ब्लैक कैट कमांडो की नई वर्दी कैसी होगी, ये हमने आपको बता दिया. सवाल ये है कि वर्दी में बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी. असल में, यह बात 20 अप्रैल 2026 की हैं. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, विजयवाड़ा में एक प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे. उस वक्त विजयवाड़ा में तापमान 44 डिग्री से ज्यादा था. तेज गर्मी की वजह से नायडू की सुरक्षा में तैनात, एक ब्लैक कैट कमांडो बेहोश हो गया था.
इस घटना को NSG ने बेहद गंभीरता से लिया. घटना के अध्ययन से पता चला कि कमांडो की वर्दी में गर्मी कैद हो गई थी, जिसकी वजह से कमांडो बेहोश हो गया था. शायद आपके अंदर ये सवाल भी उठे, आखिर एक चुस्त दुरुस्त कमांडो गर्मी से कैसे बेहोश हो गया. इस सवाल का जवाब समझने के लिए आपको, VIP सिक्योरिटी में तैनात कमांडो की वर्दी और उपकरणों के बारे में जानना चाहिए.
कितना वजन लेकर चलते हैं NSG कमांडोज?
VIP ड्यूटी में तैनात ब्लैक कैट कमांडो की वर्दी का वजन तकरीबन 3 किलोग्राम होता है. इसमें वर्दी के साथ ही साथ उसकी हेलमेट और जूते शामिल होते हैं. जो बुलेटप्रूफ जैकेट कमांडो पहनता है, उसका वजन 6 किलोग्राम होता है. ब्लैक कैट कमांडो के पास जो सब-मशीनगन यानी बंदूक होती है, उस बंदूक का वजन तकरीबन 3 किलोग्राम होता है.
कमांडो का साइड-आर्म यानी पिस्टल का वजन लगभग 1 किलोग्राम होता है. बंदूक और पिस्टल के लिए जो अतिरिक्त मैगजीन होती हैं, उनका वजन भी 1 किलोग्राम तक होता है. सूचना के आदान-प्रदान के लिए कमांडो जो रेडियो सेट और शरीर की सुरक्षा के लिए जो ग्लव्स और नी-पैड पहनता है . इन उपकरणों का वजन भी मिलाकर तकरीबन 2 किलोग्राम होता है. यानी ड्यूटी पर तैनात कमांडो अपने शरीर के वजन के साथ ही साथ, तकरीबन 15 से 16 किलोग्राम अतिरिक्त वजन लेकर चलता है.
अब जरा सोचिए, 16 किलोग्राम का वजन, हर छोटी से छोटी हरकत पर नजर रखना और चिलचिलाती धूप में घंटों तक तैनाती. एक कमांडो के ऊपर कितना दबाव होता है. इस दबाव को आप कुछ इस तरह समझ सकते हैं. घरेलू गैस यानी LPG के खाली सिलेंडर का औसत वजन तकरीबन 15 किलोग्राम होता है. अगर आपको खाली सिलेंडर को उठाकर 1 घंटे चलने को कहा जाए, तो क्या आप ये कर पाएंगे. यकीनन हमारे और आपके शरीर में दर्द हो जाएगा.
नाइको नाम के मटीरियल से बनेगी वर्दी
एक ब्लैक कमांडो रोजाना इतना वजन लेकर घंटों तक चलता है. हथियार और उपकरण तो कम नहीं किए जा सकते, तो कमांडो के ऊपर से गर्मी का भार कम करने के लिए NSG ने नाइको नाम के नए मटीरियल को चुना है . ये पहली बार नहीं है, जब गर्मी की वजह से किसी सिपाही की वर्दी में बदलाव किए गए हों.
ब्लैक कैट कमांडो को टीवी पर कई बार देखा भी होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि NSG के कमांडोज़ को ब्लैक कैट ही क्यों कहते हैं. तो चलिए, इस ब्लैक कैट शब्द से जुड़ी दिलचस्प जानकारी भी हम आपको देते हैं. NSG के ब्लैक कैट कमांडो का ध्येय है - STEALTH, SPEED और PRECISION. यानी बिना नजर में आए, तेज रफ्तार के साथ सटीक प्रहार.
आमतौर पर ऐसी सांस्कृतिक छवि, काली बिल्ली यानी ब्लैक कैट की मानी जाती है. एक ब्लैक कैट अपने रंग की वजह से अंधेरे में नजर नहीं आती है. ब्लैक कैट बहुत तेजी से हमला भी करती है. जीव विज्ञानियों के मुताबिक, ब्लैक कैट हमला करने से पहले अपने टारगेट और माहौल को पूरी तरह भांप लेती है. यानी जब वो हमला करेगी तो सीधे गर्दन पर ही वार करेगी. ये तीनों पहलू एक NSG कमांडो की ट्रेनिंग का मूलमंत्र होते हैं. इसी वजह से इन कमांडोज़ को ब्लैक कैट कहा जाता है.
क्या आप NSG का ये ऑपरेशन जानते हैं?
NSG का ध्येय वाक्य है - सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा यानी हर जगह सुरक्षा के उच्चतम स्तर को हासिल करना. इस ध्येय को पूरा करने के लिए 14 महीनों की कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना पड़ता है. ट्रेनिंग पूरा होने के बाद ही एक जवान को NSG कमांडो का तमगा हासिल होता है. आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि NSG में आने वाले आवेदकों में से, सिर्फ 20 प्रतिशत ही कमांडो बनकर निकल पाते हैं. इन्हीं हाई स्टैंडर्ड्स की वजह से NSG ने वो कर दिखाया है, जो देखने में असंभव लगता है.
ये भी पढ़ें- विदेशियों के लिए भारत ने बदले वीजा नियम, 13 से घटाकर 9 की गईं कैटेगरी, 70% तक घटे कॉलम; जानें मोदी सरकार के नए रूल्स
अब हम आपको NSG के ऐसे ही एक ऑपरेशन की जानकारी देने जा रहे हैं. इस मिशन का नाम था ऑपरेशन अश्वमेध. 24 अप्रैल 1993 को हिज्बुल मुजाहिदीन के एक आतंकी ने एयर इंडिया की फ्लाइट हाईजैक कर ली थी. ये फ्लाइट दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी. 25 अप्रैल को विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा था. कुछ घंटों की बातचीत के बाद NSG कमांडोज़ ने ऑपरेशन शुरू किया.
कुछ ही मिनटों के अंदर कमांडोज ने, ना सिर्फ हाईजैकर को मार गिराया बल्कि विमान में सवार, सभी 141 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया था. इस ऑपरेशन में NSG के किसी भी कमांडो को, कोई नुकसान नहीं पहुंचा था. अमृतसर से लेकर 26/11 के आतंकी हमलों तक, NSG के कमांडो जिस भी मोर्चे पर उतरे हैं, वहां उन्होंने अपनी श्रेष्ठता और अहमियत साबित की है. ये बताया है कि आखिर क्यों NSG को भारत की श्रेष्ठ काउंटर टेरर फोर्सेज़ में गिना जाता है.