)
विश्व कूटनीति में विस्तारवाद शब्द का मतलब ही चीन हो गया है. चीन का मकसद. नेपाल की जमीन से लेकर संसाधनों पर कब्जा करना है और भारत का लक्ष्य. नेपाल के साथ बेटी-रोटी के संबंधों को निभाना है यानी भारत और चीन की नेपाल नीति एक दूसरे से अलग है. इसी तरह भारत और चीन की गोल्ड नीति भी इन दिनों एक दूसरे से अलग है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को ज्यादा सोना खरीदने से मना कर रहे हैं और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने नागरिकों से ज्यादा से ज्यादा सोना खरीदने की अपील कर रहे हैं.
सबसे बड़ा सोना उत्पादक देश होते हुए भी चीन, पिछले कुछ समय से सबसे ज्यादा सोना खरीद रहा है. आपको जानना चाहिए, सोना ज्यादा खरीदने में चीन का क्या फायदा है और ज्यादा सोना नहीं खरीदने से भारत का क्या लाभ है?
भारत और चीन दुनिया में गोल्ड के 2 सबसे बड़े बाजार हैं. चीन का सेंट्रल बैंक भारी मात्रा में सोना खरीद रहा है. चाइना सेंट्रल बैंक ने लगातार 24वें महीने अपना गोल्ड रिजर्व बढ़ाया है. दूसरी ओर पीएम मोदी अब भी लोगों से सोना नहीं खरीदने की बात कर रहे हैं और इसका फायदा भी बता रहे हैं. इसी साल मई महीने में प्रधानमंत्री ने लोगों से एक साल तक गैर-जरूरी काम के लिए सोना नहीं खरीदने की अपील की थी.
प्रधानमंत्री ने ये अपील उस समय की थी जब अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध की वजह से कच्चे तेल की कीमत में भारी उछाल आया था. ज्यादा दाम पर तेल की खरीद के कारण भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ गया था.
कच्चे तेल की तरह भारत 85 से 90% सोने का भी आयात करता है. ऐसे हालात में अगर भारत ज्यादा सोना खरीदता तो विदेशी मुद्रा ज्यादा मात्रा में खर्च करना पड़ता. इससे डॉलर के मुकाबले रुपया और कमजोर होता.
विदेशी मुद्रा बचाने और आयात बिल कम करने के मकसद से प्रधानमंत्री ने लोगों से सोना नहीं खरीदने को कहा था.
2021-22 में ये आंकड़ा 46 अरब डॉलर था. जो 2025-26 आते-आते 72 अरब डॉलर पर पहुंच गया यानी सोने के आयात का बिल करीब 57% बढ़ गया. 5 साल के दौरान भारत ने सोने के आयात पर करीब 254 अरब डॉलर यानी 23 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं. कच्चे तेल और इलेक्ट्रॉनिक सामान के बाद भारत सोने के आयात पर सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा खर्च करता है.
विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सरकार ने गोल्ड पर इंपोर्ट ड्यूटी में भी बढ़ोतरी की. इसे 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया. अब आपको पीएम की अपील और कीमत में बढ़ोतरी की वजह से सोने की खरीद पर असर के बारे में भी जानना चाहिए.
पिछले 2 वर्षों की तुलना में भारत ने इस साल काफी कम सोने का आयात किया है. प्रधानमंत्री की अपील के समय से तुलना करें तो मई से अक्टूबर 2026 में भारत ने करीब 19 अरब डॉलर का सोना आयात किया.
वहीं, 2025 में ये आंकड़ा 38 अरब डॉलर था और 2024 में 31 अरब डॉलर यानी पिछले साल की तुलना में सोने के आयात पर भारत का खर्च आधा हो गया. सोने के आयात पर पिछले साल की तुलना में 19 अरब डॉलर यानी करीब पौने 2 लाख करोड़ रुपये का खर्च कम आया.
प्रधानमंत्री की अपील के बाद अगस्त से सोने के आयात में भी भारी गिरावट शुरू हो गई. अगस्त में आयात 58% गिरा, सितंबर में 81% और अक्टूबर में 63%. सोने के आयात पर जो खर्च कम हुआ है, उससे केवल देश के विदेशी मुद्रा भंडार की बचत नहीं हुई है.
ये बचत देश के आम लोगों की भी है क्योंकि ये आयात आम लोगों के लिए ही होता है. महंगे दाम पर कम सोना खरीदने से लोगों का पैसा बर्बाद होने से बच गया. खास तौर पर जो लोग निवेश के लिए सोना खरीदते हैं, उनका कीमती पैसा डूबने से बच गया.
एक समय सोने का दाम 1 लाख 80 हजार रुपये के करीब पहुंच गया था और अब उसकी कीमत 1 लाख 25 हजार रुपये के पास है यानी सिर्फ 10 ग्राम सोने पर लोगों को करीब 55 हजार रुपये की बचत हुई है.
प्रधानमंत्री ने जिस समय ये अपील की थी, उस समय भी सोने का भाव 1 लाख 52 हजार रुपये के आसपास था. उस हिसाब से भी 10 ग्राम सोने पर 27 हजार रुपये की बचत है. ये भी संभव है कि आने वाले समय में सोने की कीमत और गिर जाए और सोने की कीमत जितनी ज्यादा गिरेगी, लोगों की बचत उतनी ही बढ़ेगी.
भारत सोने के मामले में लगभग पूरी तरह आयात पर निर्भर है. उसका लक्ष्य सोने के आयात को कम करना है. दूसरी तरफ चीन सोने का सबसे बड़ा उत्पादक होने के बावजूद सबसे ज्यादा सोने का आयात कर रहा है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का जोर सोना खरीदने पर है.
इसी वजह से चीन का सेंट्रल बैंक यानी पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना पिछले 2 वर्षों से भारी मात्रा में सोना खरीद रहा है. चीन के सेंट्रल बैंक ने लगातार 24वें महीने अपने गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी की है. अक्टूबर महीने में चीन ने 26 टन सोना खरीदा. ये पिछले 3 साल में सबसे ज्यादा है.
पिछले 6 महीने के दौरान सोने खरीदने की रफ्तार में बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान चीन ने 114 टन सोना खरीदा है. जबकि पिछले 2 वर्षों के दौरान चीन ने कुल मिलाकर 171 टन सोना खरीदा है.इस तरह चीन का गोल्ड रिजर्व यानी सेंट्रल बैंक के पास जमा सोना बढ़कर 2,435 टन हो गया है. अक्टूबर के अंत में इसकी वैल्यू 306 अरब डॉलर थी यानी 28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा.
जानकारों के मुताबिक ये अमेरिका के खिलाफ चीन की चाल का हिस्सा है. इसके जरिए वो अमेरिकी डॉलर पर अपनी निर्भरता कम कर रहा है. चीन की कोशिश है कि उसके पास डॉलर के अलावा भी एक मजबूत संपत्ति हो. इससे अमेरिका की आर्थिक नीतियों पर चीन की निर्भरता कम होगी.
दूसरी तरफ वो सोना खरीदकर अपनी करेंसी युआन को अंतरराष्ट्रीय व्यापार में डॉलर के विकल्प के रूप में मजबूत करना चाहता है. सोने का विशाल भंडार युआन पर दुनिया भर के देशों का भरोसा बढ़ाएगा.
तीसरा कारण है अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों से सुरक्षा. रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों ने विदेशों में जमा रूस के सेंट्रल बैंक का करीब 300 अरब डॉलर जब्त कर लिया था. इससे चीन ने सबक लिया है. अगर सोना उसके भंडार में रहेगा तो अमेरिका के साथ किसी भी व्यापार युद्ध या प्रतिबंध की स्थिति में वो पूरी तरह सुरक्षित रहेगा.
जिनपिंग भले ही ट्रंप के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंच जाएं लेकिन उनकी रणनीति अमेरिका का असर कम करने की है. इसका मकसद अमेरिकी हितों को चोट पहुंचाना है. चीन अपनी तैयारी ये मानकर कर रहा है कि आने वाले समय में अमेरिका के साथ टकराव सिर्फ व्यापार युद्ध तक सीमित नहीं रहेगा और जब युद्ध की स्थिति आए तो वो आर्थिक रूप से भी अमेरिका पर निर्भर न रहे.
2 साल की लगातार खरीद के बाद चीन के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने का हिस्सा लगभग 50% बढ़ गया है. 2 साल पहले चीन के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने का हिस्सा साढ़े 5 प्रतिशत था जो अब बढ़कर साढ़े 8 प्रतिशत हो गया है.
चीन का सेंट्रल बैंक तो सोना खरीद ही रहा है, वहां के लोग भी भारी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं. चाइना गोल्ड एसोसिएशन के मुताबिक 2026 की पहली छमाही यानी जनवरी से जून के बीच चीन में आम लोगों के द्वारा सोने की खरीदारी 28% बढ़ी है.
लेकिन, चीन में ये खरीदारी उस समय हो रही है जब सोने की कीमत में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी. भले ही पिछले कुछ हफ्तों के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की कीमत गिरी है. लेकिन, पिछले 2 वर्षों के दौरान सोने का दाम ज्यादा ही रहा है.
इस साल ज्यादातर मौकों पर गोल्ड का दाम 4,000 डॉलर प्रति औंस से ज्यादा रहा है. कई बार कीमत 4,500 डॉलर के पार भी चली गई. जबकि मौजूदा कीमत 3,600 डॉलर के आस-पास है.
इस साल जनवरी से अक्टूबर के बीच सोने का औसत भाव 4,231 डॉलर प्रति औंस रहा है. इस दौरान चीन ने 129 टन सोना खरीदा यानी चीन को सोने की खरीद पर साढ़े 17 अरब डॉलर खर्च करने पड़े.
मौजूदा कीमत के हिसाब से इस सोने की वैल्यू अभी 15 अरब डॉलर के आसपास है. इस तरह चीन को इस साल सोने की खरीद पर फिलहाल ढाई अरब डॉलर यानी करीब 24 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है.
इसका ये अर्थ है कि भारत ने सोने की खरीद कम करके पिछले 6 महीने में जहां पौने 2 लाख करोड़ रुपये बचाए, वहीं चीन के सेंट्रल बैंक ने भारी मात्रा में सोना खरीद कर 24 हजार करोड़ रुपये गंवाए हैं.
गोल्ड को लेकर भारत और चीन की बिल्कुल अलग-अलग नीति है. सोने की खरीद कम करके भारत फिलहाल फायदे की स्थिति मे है. ताकत के मामले में भी भारत फायदे की स्थिति में है. ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स में भारत ने अपना स्कोर बढ़ाकर अपनी तीसरी पोजिशन बरकरार रखी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत का क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ा है.
एशिया में सबसे ज्यादा असर रखने वाले देशों में अमेरिका पहले नंबर पर है, जबकि चीन दूसरे नंबर पर. भारत ने कूटनीतिक स्थिति, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार जैसे मानकों के जरिए अपना स्कोर पिछले साल से थोड़ा बेहतर किया है.