)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार दोपहर 2 बजे दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी पहुंच रहे हैं. जामिया में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से राहुल मुलाकात करेंगे. यूनिवर्सिटी के छात्र जामिया मिलिया इस्लामिया छात्र संघको तुरंत बहाल करने की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक प्रशासन चुनाव कराने की समयसीमा तय नहीं करता और आंदोलन में शामिल छात्रों पर कार्रवाई नहीं करने का भरोसा नहीं देता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी.
असल में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब जामिया में छात्र संघ चुनाव कराने की तारीख मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है. छात्र संघ को तुरंत बहाल करने की मांग हो रही है. छात्रों के मुताबिक, छात्र संघ करीब बीस साल से बंद है. इसकी वजह से छात्रों के पास अपनी समस्याएं उठाने और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी बात रखने के लिए चुना हुआ प्रतिनिधि मंच नहीं है.
प्रदर्शन तेज होने की एक बड़ी वजह छात्र संघ के नए संविधान का मसौदा तैयार करने का विश्वविद्यालय प्रशासन का फैसला है. छात्रों का कहना है कि प्रशासन ने नए संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिन बाद चुनाव कराने की बात कही है, लेकिन अब तक चुनाव की तारीख तय करने को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी गई है. छात्रों को आशंका है कि इस व्यवस्था के कारण चुनाव में देरी हो सकती है.
प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों की मांग है कि प्रशासन चुनाव का स्पष्ट और पारदर्शी कार्यक्रम घोषित करे, ताकि मतदान समय पर कराया जा सके. इसके अलावा, छात्र कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर भी विरोध जारी है. प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं को जारी कारण बताओ नोटिस और उनके निलंबन वापस लेने की मांग कर रहे हैं.
छात्रों का कहना है कि जब तक प्रशासन चुनाव की निश्चित समयसीमा घोषित नहीं करता और आंदोलन में शामिल छात्रों को कार्रवाई से सुरक्षा देने का भरोसा नहीं देता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी. ऐसे में देखना होगा कि राहुल गांधी की छात्रों से होने वाली मुलाकात के बाद क्या निकलकर आता है.