App

PM मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, दिल्ली में 17 अक्टूबर तक होंगे कई कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने और जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली सरकार और भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान 2026' चलाएगी. इस दौरान रक्तदान, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, पौधरोपण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे.

PM मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, दिल्ली में 17 अक्टूबर तक होंगे कई कार्यक्रम
Image Credit: PM मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने और 17 सितंबर को उनके जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार और दिल्ली भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान 2026' चलाया जाएगा. इस दौरान राजधानी में सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रानीतिक सफर 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर करीब 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक का कार्यकाल शामिल है. 17 सितंबर को उनके जन्मदिन के अवसर पर हर साल सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जाता रहा है. इस बार इसे पूरे एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के रूप में आयोजित करने की योजना है.

 दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि भाजपा इस अभियान को देशभर में व्यापक स्तर पर आयोजित कर रही है. भाजपा और एनडीए की सरकार वाले 22 राज्यों में भी विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 200 से अधिक योजनाएं देश के 140 करोड़ लोगों को समर्पित की गई हैं और बड़ी संख्या में लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान बिजली, पानी और बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया.

17 सितंबर से शुरू होंगे कई कार्यक्रम
दिल्ली भाजपा के मुताबिक, अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के साथ होगी. राजधानी के 14 संगठनात्मक जिलों में मेगा रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों के जरिए करीब 2500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा.

'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम
इसी दिन 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम भी आयोजित होगा. इसके तहत करीब 1.28 लाख लाभार्थी परिवारों के घरों में दीये जलाए जाएंगे. कुल 7.80 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें दिल्ली के 140 प्रतिष्ठित स्थलों पर 14 हजार दीये जलाए जाएंगे. कार्यक्रमों में भाजपा के विधायक भी शामिल होंगे.

स्कूलों में होगा 'सेवा चित्र' कार्यक्रम
'सेवा चित्र: मेरे सपनों का भारत' कार्यक्रम 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा. इसके तहत दिल्ली के करीब 4500 स्कूलों में लगभग 5 लाख विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा.

वहीं 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शक्ति केंद्र से 10 योजना लाभार्थियों के वीडियो जारी किए जाएंगे. इन वीडियो के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की कहानियां सामने रखी जाएंगी.

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके तहत दिल्ली की 4095 आंगनवाड़ियों में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और उनका अभिनंदन किया जाएगा.

इसके अलावा 'सेवा मेरा योगदान' अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राजधानी में करीब 2500 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. भाजपा संगठन के कार्यकर्ता दिल्ली सरकार के बड़े यमुना सफाई अभियान में भी भागीदारी करेंगे.

रंगोली से लेकर सेवा ज्योति कलश यात्रा तक
'सेवा के रंग राष्ट्र के संग' कार्यक्रम के तहत प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर प्रतिष्ठित स्थलों और बाजारों में रंगोली बनाई जाएगी. 7 अक्टूबर को सभी 14 संगठनात्मक जिलों में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकाली जाएगी. इस यात्रा के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा.

वहीं 'वडनगर से वाराणसी' कार्यक्रम के तहत 15 सितंबर को दिल्ली से 50 कार्यकर्ताओं की टीम वाराणसी जाएगी. इसके बाद 29 सितंबर को गुजरात के वडनगर से 50 कार्यकर्ताओं का दल दिल्ली आएगा, जिसका यहां स्वागत किया जाएगा.

नुक्कड़ नाटक और सुशासन संवाद भी होंगे
18 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' के तहत 1280 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से जुड़ी कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

इसके अलावा 'सुशासन सेवा संवाद' का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी. 'सेवा सेतु अभियान' के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में तीन दिन तक कैंप लगाए जाएंगे. इन कैंपों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी और उन्हें योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा.

युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज
युवाओं और उनके मेंटर्स को साथ जोड़कर 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' भी आयोजित किया जाएगा. इसमें युवा वैज्ञानिक कौशल का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न प्रोजेक्ट तैयार करेंगे. इसके अलावा देश के 4-5 बड़े शहरों में बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाने की योजना है.

CM रेखा गुप्ता ने की पीएम मोदी की सराहना
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में पीएम मोदी कार्यकाल के दौरान अब तक 1,25,000 करोड़ रुपये के काम दिए गए हैं. उन्होंने BRICS समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान दिल्ली ग्लोबल डिप्लोमेसी के केंद्र के रूप में सामने आई है और भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हो रही है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे. वरिष्ठ नागरिकों के लिए हेल्थ चेकअप कैंप लगाए जाएंगे. इसके अलावा श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन और उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भी पूरे महीने कैंप आयोजित होंगे. इस दौरान ऑर्गन डोनेशन के आधिकारिक प्लेटफॉर्म SOTO का उद्घाटन भी किया जाएगा. यह प्लेटफॉर्म केंद्र के स्तर पर भी संचालित होता है.

हर वार्ड में चलेगा सैनिटेशन ड्राइव
मुख्यमंत्री के मुताबिक, UD और MCD की ओर से दिल्ली के सभी वार्डों और राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में सैनिटेशन ड्राइव चलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई सरकार के लिए केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. दिल्ली जल बोर्ड की ओर से करीब 8,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा.

इसके साथ ही 'ग्रीन दिल्ली, क्लीन दिल्ली मिशन' के तहत 70 लाख पेड़ लगाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा.

सरकार के मुताबिक, सेवा संकल्प अभियान के दौरान दिल्ली में 13,820 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की जाएगी. इस अभियान के जरिए सेवा गतिविधियों के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को भी गति देने की तैयारी है.

(दिल्ली से तान्या चूग की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More