App

JNU में महिला से दोस्ती को लेकर खूनी विवाद, साथी छात्र पर चाकू से हमला; एक आंख की रोशनी गई

JNU कैंपस में महिला से दोस्ती को लेकर हुए विवाद में चार छात्र घायल हो गए. पुलिस ने हत्या की कोशिश के आरोप में MA के एक छात्र को गिरफ्तार किया है.

JNU में महिला से दोस्ती को लेकर खूनी विवाद, साथी छात्र पर चाकू से हमला; एक आंख की रोशनी गई
Image Credit: AI IMAGE

दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में महिला से दोस्ती को लेकर छात्रों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक छात्र ने इसी बात को लेकर अपने साथी पर चाकू हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई. इस घटना में आरोपी समेत कुल चार छात्र घायल हुए हैं. दिल्ली पुलिस ने मामले में आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है.

सूत्रों के अनुसार, घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे यूनिवर्सिटी कैंपस के एक कमरे में हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र यूनिवर्सिटी में MA की पढ़ाई कर रहा है. विवाद के दौरान उसके साथ-साथ तीन अन्य छात्र भी घायल हो गए.

शिकायत मिलने के बाद वसंत कुंज नॉर्थ थाने में शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई. इसमें हत्या की कोशिश से जुड़ी धारा भी शामिल है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

वजीराबाद में मर्डर केस का बदला लेने के लिए युवक की हत्या, आरोपी समेत दो गिरफ्तार
इस बीच, दिल्ली के वजीराबाद इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई है. उसे गोली लगने के बाद इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) की मदद से अस्पताल ले जाया गया था, जहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक, वारदात सोमवार रात करीब 11 बजे संगम विहार में गली नंबर 14 के पास डिवाइन अस्पताल के नजदीक हुई. जांच में सामने आया है कि रवि अक्टूबर 2026 में जमानत पर जेल से बाहर आया था. वह नेताजी सुभाष पैलेस थाने में दर्ज 2021 के एक हत्या के मामले में आरोपी था.

जांचकर्ताओं के अनुसार, घटना वाली रात रवि अपने कुछ परिचितों के साथ शराब पी रहा था. इस दौरान वहां कमल गोस्वामी भी मौजूद था, जो कथित तौर पर 2021 के हत्या मामले में मारे गए व्यक्ति का दोस्त था. पुलिस को शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और बदले की आशंका के संकेत मिले हैं.

पुलिस ने बताया कि समूह के लोग जब बातचीत के दौरान कार से बाहर निकले, तभी रवि पर गोली चलाई गई. वारदात के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी कमल गोस्वामी और उसके साथी मोनू को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों वजीरपुर के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

(Input: ANI)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More