App

DU के रामानुजन कॉलेज में बवाल! छात्राओं पर कथित अश्लील मैसेज को लेकर ABVP का प्रदर्शन

दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में गुरुवार, 12 नवंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विरोध प्रदर्शन किया. ये प्रदर्शन कॉलेज के वाइस प्रेसिडेंट अनस खान और NSUI के खिलाफ किया गया. छात्राओं का आरोप है कि अनस खान ने कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक मैसेज भेजे थे.

DU के रामानुजन कॉलेज में बवाल! छात्राओं पर कथित अश्लील मैसेज को लेकर ABVP का प्रदर्शन
Image Credit: दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में ABVP ने विरोध प्रदर्शन किया

दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में गुरुवार 12 नवंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. ये प्रदर्शन अनस खान (Anas Khan) नामक छात्र और NSUI के खिलाफ किया जा रहा है. दरअसल, छात्राओं ने बताया कि रामानुजन कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में अनस खान, जो कि रामानुजन कॉलेज के वाइस प्रेसिडेंट हैं. उन्होंने ग्रुप में अश्लील मैसेज किए थे. इसके बाद उनके खिलाफ आज प्रदर्शन किया जा रहा है. मांग है कि अनस खान के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.  

छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में एक मैसेज भेजा गया था, जिसमें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में आने वाले NRI लोगों के लिए लड़कियों की मांग की गई थी. आरोप है कि मैसेज में लड़कियों की सुंदरता और शारीरिक बनावट के आधार पर 10 हजार से 30 हजार रुपये तक की रकम देने की बात कही गई थी. इस मैसेज के सामने आने के बाद कॉलेज में विरोध शुरू हो गया.

छात्राओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग

रामानुजन कॉलेज की छात्रा वंशिका शर्मा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की तरफ से अनस खान को सस्पेंड किए जाने की जानकारी दी गई है. हालांकि, उनका कहना है कि अनस खान ने NSUI से इस्तीफा देने का मैसेज भी किया था. वंशिका ने आरोप लगाया कि हजारों छात्राओं से जुड़े कॉलेज के ग्रुप में इस तरह का मैसेज भेजना बेहद आपत्तिजनक है. उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच हो और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. एक अन्य छात्रा स्नेहा सिंह ने कहा कि उनका विरोध केवल निलंबन तक सीमित नहीं है. उनकी मांग है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी छात्र इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे. उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

छात्रों ने भी उठाई जांच की मांग

कॉलेज के छात्र रौनक पांडे ने इस घटना को शर्मनाक कहा है. उन्होंने कहा कि छात्राओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच हो और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने लाई जाए. वहीं, छात्र पुलकित ने कहा कि कॉलेज के फ्रेशर्स ग्रुप में कथित तौर पर भेजे गए मैसेज में लड़कियों के लिए रकम और महंगे गिफ्ट देने की बात कही गई थी. उन्होंने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. ABVP का कहना है कि केवल निलंबन काफी नहीं है. संगठन चाहता है कि कॉलेज प्रशासन मामले की पूरी जांच कर उचित कार्रवाई करे.

(दिल्ली से हरि किशोर साह की रिपोर्ट)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More