)
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में निराशाजनक परिणाम हाथ लगने के बाद भाजपा केंद्रीय नेतृत्व सतर्क है. कार्यकर्ताओं में चुनाव के प्रति दर्शाई गई उदासीनता को बड़ा कारण माना गया है. इस कड़ी में अब छठ के बाद गृह मंत्री अमित शाह राज्य में चुनावी रणनीति की कमान संभालेंगे. इससे पहले शाह सहयोगी दलों से अलग-अलग बैठक कर हालात का जायजा ले सकते हैं.
यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले अब छठ के बाद गृहमंत्री अमित शाह खुद उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नई व्यूह रचना तय करेंगे. पार्टी सूत्र के अनुसार, ये जानकारी सामने आई कि विधान परिषद चुनाव में संगठन का जमीनी अनुभव रखने वाले कई नेताओं से पूछा ही नहीं गया. पार्टी जिस स्तर पर कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय करना चाहती थी वो भी नहीं हो पाया.
ऐसे में पार्टी सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री शाह छठ के बाद राज्य में पूरी तरह से सक्रिय हो जाएंगे. इससे पहले शाह सहयोगी दलों के अलावा प्रदेश के पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं. इसके बाद उनकी रणनीति बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क साधने की होगी. इसी क्रम में अमित शाह चुनाव के लिए नई व्यूह रचना तैयार करेंगे.
सूत्रों के अनुसार, पार्टी की आंतरिक रिपोर्ट में एमएलसी की एक-एक सीट की हार और जीत की व्याख्या की गई है. हालांकि, सभी सीटों पर कार्यकर्ताओं की नाराजगी और अनदेखी की बात कही गई है. कई सीटों पर मतदाताओं से मजबूती और रणनीति के साथ संपर्क नहीं साधे जाने और मतदान केंद्र तक पहुंचाने की मजबूत व्यवस्था नहीं किए जाने की भी बात दर्ज है. ऐसे में अब कार्यकर्ताओं को ये संदेश दिया जाएगा कि वो ही पार्टी के लिए सबसे जरूरी कड़ी हैं.
बीजेपी प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार हैं. केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क साधे हैं. आने वाले समय में केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व मिलकर कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जमीन पर उतरेगा. उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत भाजपा मूल मंत्र रहेगा. आने वाले समय में हर बूथ को मजबूत किया जाएगा.
(विशाल सिंह की रिपोर्ट)