दिल्ली में बड़ा हादसाः शाहदरा के विश्वास नगर में आग लगने से 4 की मौत, दो लोग झुलसे
शाहदरा के फर्श बाजार थाना क्षेत्र के विश्वास नगर में एक घर में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
राजधानी दिल्ली में सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया. शाहदरा में देर रात आग लगने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 2 दो बुरी तरह से झुलसे होने की खबर सामने आई है. मिली जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग की नीचे वाली मंजिल पर रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चल रहा था. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है.
दरअसल, यह मामला शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना के विश्वास नगर का बताया जा रहा है. जहां 11 नंबर गली के एक घर में देर रात अचानक आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि इमारत के नीचे वाली मंजिल पर रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चल रहा था.
दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू
मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह 4.15 बजे से इसकी जानकारी दमकल विभाग को लगी तो चार गाड़ियां मौके पर पहुंची. जहां पर कड़ी मशक्कत के बाद 5 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया है. हादसे में दो घायलों सो नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पर उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. वहीं इस पर शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने आगे की जांच की बात कही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस को आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम विश्वास नगर की गली नंबर 11 पहुंची, जहां चार लोगों की मौत हो चुकी थी. वहीं दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट को माना जा रहा है. आग पहली मंजिल तक पहुंच गई, जहां सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
(इनपुटः ZEE DELHI असाइनमेंट डेस्क)