App

दिल्ली के न्यू सीमापुरी बिल्डिंग हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, गृह मंत्री ने दिए आदेश; 4 लोगों की हुई थी मौत

दिल्ली के न्यू सीमापुरी में चार लोगों की जान लेने वाली इमारत ढहने की घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं. गृह मंत्री आशीष सूद ने दोषियों और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है.

दिल्ली के न्यू सीमापुरी बिल्डिंग हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, गृह मंत्री ने दिए आदेश; 4 लोगों की हुई थी मौत
Image Credit: दिल्ली के न्यू सीमापुरी बिल्डिंग हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, गृह मंत्री ने दिए आदेश; 4 लोगों की हुई थी मौत

दिल्ली के न्यू सीमापुरी में इमारत ढहने की दर्दनाक घटना को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी. मामले की जांच उत्तर-पूर्वी जिले के जिलाधिकारी (DM) द्वारा की जाएगी.

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है, जिसमें कई अनमोल जानें चली गईं. उन्होंने कहा कि इमारत ढहने की घटना के हर पहलू की जांच के आदेश दिए गए हैं. इस मामले में किसी भी दोषी व्यक्ति या लापरवाही बरतने वाले अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा. सरकार की तत्काल प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराना है. साथ ही, भविष्य में दिल्ली में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे न्यू सीमापुरी में मकान नंबर E-402 की एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत ढह गई थी. यह इमारत महज 20 से 25 वर्ग गज के छोटे से प्लॉट पर बनी हुई थी. हादसे में आसपास की तीन अन्य इमारतों को भी काफी नुकसान पहुंचा था. इसके बाद नगर निगम (MCD) ने इन इमारतों को असुरक्षित घोषित कर तत्काल खाली करा लिया था.

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पास में स्थित एक अनधिकृत निर्माण स्थल पर भारी मशीनों से तोड़फोड़ का काम किया जा रहा था. आशंका जताई जा रही है कि भारी मशीनों के कारण पैदा हुए कंपन से इमारत ढह गई. इसके अलावा इलाके में कई अन्य कमजोर इमारतें भी सामने आई हैं, जो छोटे प्लॉटों पर बिना उचित स्ट्रक्चरल कॉलम और बीम के बनाई गई हैं.

अब मजिस्ट्रियल जांच के जरिए हादसे के वास्तविक कारणों, निर्माण में हुई संभावित अनियमितताओं और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी.

(तान्या चूग की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More