)
दीपावली के त्योहार पर सोने-चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए राहत की खबर है. जयपुर के सर्राफा बाजार में लगातार दूसरे दिन चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. दो दिन में चांदी 10 हजार रुपए प्रति किलो सस्ती हो चुकी है. सोने के भाव में भी गिरावट आई है. ऐसे में त्योहार के सीजन में ग्राहकों को खरीदारी का मौका मिल रहा है.
दीपावली से पहले जैसे-जैसे चांदी के दाम कम होते जा रहे हैं. वैसे-वैसे चांदी के साथ-साथ बाजारों की चमक और बढ़ती जा रही है. जयपुर के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई. चांदी आज 5 हजार रुपए प्रति किलो और सस्ती हो गई. इसके साथ ही दो दिन में चांदी के भाव 10 हजार रुपए गिर चुके हैं. जयपुर में चांदी का भाव अब 1 लाख 92 हजार रुपए प्रति किलो पर आ गया है.
अगर अक्टूबर के पुराने भाव पर नजर डालें, तो महीने की शुरुआत में चांदी करीब 2 लाख 35 हजार रुपए किलो थी. अक्टूबर में ही चांदी का भाव 2 लाख 40 हजार रुपए प्रति किलो तक पहुंचा था, लेकिन बाजार में चांदी में गिरावट देखने को मिल रही है. जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के उपाध्यक्ष मनीष खुटेटा का कहना है कि दीपावली पर चांदी के भाव कम होने से ग्राहकों की संख्या में इजाफा हो रहा है. धनतेरस के लिए पहले से ही ग्राहक बुकिंग करवा रहे हैं.
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट का दौर जारी है. जयपुर में आज सोना 1200 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है. इसके साथ ही सोने का भाव 1 लाख 45 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है. अक्टूबर की शुरुआत में 24 कैरेट सोना करीब 1 लाख 49 हजार 580 रुपए था और महीने में यह 1 लाख 51 हजार 570 रुपए तक पहुंचा था. सोने-चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट से दीपावली पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों को राहत मिल सकती है.
फिलहाल दीपावली से पहले सोने-चांदी के भाव में गिरावट ने ग्राहकों को राहत की उम्मीद जरूर दी है. हालांकि, बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है. ऐसे में सर्राफा कारोबारियों और ग्राहकों की नजर अब आगामी दिनों में कीमतों की चाल पर रहेगी.