SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली के मोती नगर में शोरूम के चेंजिंग रूम में युवती की हत्या, गला रेतकर आरोपी फरार

दिल्ली के मोती नगर में कपड़ों के शोरूम के चेंजिंग रूम में शबनम की गला रेतकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपी फरार है. वहीं गुस्साए परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 15, 2026, 11:00 IST | Updated: Nov 15, 2026, 11:08 IST
Image Credit: दिल्ली मोती नगर हत्याकांड: मृतका शबनम और आरोपी सूरज
Join

दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक कपड़ों के शोरूम के चेंजिंग रूम में युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है. आरोप है कि सूरज नाम का युवक तेजधार हथियार लेकर शोरूम पहुंचा और युवती पर हमला कर दिया. जान बचाने के लिए शबनम दुकान के अंदर भागी और फिर चेंजिंग रूम में छिपने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने वहां पहुंचकर उसका गला रेत दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं हत्या से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक शबनम मोती नगर स्थित कपड़ों के शोरूम में सेल्स का काम करती थी. शनिवार शाम आरोपी सूरज कथित तौर पर हथियार लेकर शोरूम पहुंचा. बताया जा रहा है कि उसने दुकान के बाहर ही शबनम के साथ मारपीट शुरू कर दी. अपनी जान बचाने के लिए युवती दुकान के अंदर भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा.

आरोपी ने तेजधार हथियार निकालकर शबनम पर हमला कर दिया. इस दौरान शोरूम में चीख-पुकार मच गई. जान बचाने के लिए शबनम चेंजिंग रूम में चली गई, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया. आरोप है कि उसने चेंजिंग रूम के अंदर युवती की गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

आरोपी सूरज की तलाश में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि आरोपी सूरज मृतका की बहन का देवर है. यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी पहले जेल जा चुका है. घटना के पीछे की पूरी वजह और दोनों के बीच विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.

परिजनों और स्थानीय लोगों का हंगामा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
शबनम की हत्या की खबर मिलते ही उसके परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में शोरूम के बाहर पहुंच गए. युवती की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई. गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और जमकर हंगामा किया.

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस शव को मौके से ले जाने लगी. लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और शव ले जाने का विरोध किया. आक्रोशित भीड़ के बीच पुलिस को शव अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. मौके के दृश्यों में भी देखा गया कि बड़ी संख्या में लोग पुलिस की गाड़ी के आसपास जमा थे.

मौके पर पुलिस की कई टीमें, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल डीसीपी समेत एटीएस, स्पेशल स्टाफ मोती नगर, पंजाबी बाग थाने की पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. शबनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है.

वहीं पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस आरोपी सूरज की तलाश में जुटी है.

वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल
मोती नगर के बाजार में स्थित शोरूम के अंदर इस तरह हुई हत्या से स्थानीय लोगों में डर और गुस्से का माहौल है. लोगों का कहना है कि बाजार के बीचोंबीच एक युवती की हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या की असली वजह, वारदात से पहले हुए विवाद और आरोपी के फरार होने से जुड़े पहलुओं का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में पति की मौत के एक महीने बाद महिला ने उठाया खौफनाक कदम, होमगार्ड जवान के साथ कार में मिली बेसुध

(दिल्ली से राजेश शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES