)
दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में एक कार के अंदर जहरीला पदार्थ खाने से महिला और एक होमगार्ड जवान की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस को बुधवार को लाल फार्म, मोहन गार्डन में पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले ने सूचना दी कि एक महिला और पुरुष ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया है और दोनों कार के अंदर बंद हैं. सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सुमित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
जहरीला पदार्थ खाने से महिला और एक होमगार्ड जवान की मौत, कार मिले थे बेहोश
मौके पर सफेद रंग की हुंडई सैंट्रो कार में दो लोग बेहोशी की हालत में मिले. उनकी पहचान 46 वर्षीय सुरेंद्र और 45 वर्षीय गीता के रूप में हुई. पुलिस ने कार की तलाशी ली तो सल्फास के 10-10 ग्राम के दो पैकेट बरामद हुए. दोनों को तुरंत तारक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी एमएलसी तैयार की. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने दोनों को बयान देने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया. इलाज के दौरान पहले गीता और बाद में सुरेंद्र की भी मौत हो गई.
दोनों शादीशुदा थे और एक-दूसरे को पसंद करते थे
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, सुरेंद्र पिछले करीब 15 वर्षों से अस्थायी तौर पर दिल्ली होमगार्ड में तैनात था और फिलहाल जहांगीरपुरी में उसकी पोस्टिंग थी. वह सुल्तानपुरी में रहता था और उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं. वहीं, गीता भी दो बेटों की मां थी. जांच में यह बात सामने आई है कि गीता के पति की भी 17 अक्टूबर 2026 को शाहबाद डेयरी इलाके में कथित तौर पर जहर खाने से मौत हुई थी.
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र और गीता एक-दूसरे को करीब 10 साल से जानते थे. सुरेंद्र की पहचान पहले गीता के दिवंगत पति से थी, जिसके बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध विकसित हुए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
(Input: ANI)