)
सागर के मछरियाई इलाके में सरकारी शराब दुकान के बाहर शराब पीने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों युवकों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि दूसरे मरीज का इलाज चल रहा है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक शराब पीने का आदी था. बतया जा रहा है कि उसने एक मछरियाई स्थित सरकारी शराब की दुकान से DCR कंपनी की शराब खरीदी थी. उसके बाद उसी शराब का सेवन किया था. इसके कुछ बाद ही दोनों युवकों की तबीयत बिगड़ गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन प्रशासन ने संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया है. शराब दुकान के एक कर्मचारी समेत ठेकेदार ओंकार साहू को हिरासत में भी लिया है. वहीं शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं. पुलिस भी इस मामले की जांच में जुट गई है.
इस मामले पर सहायक आबकारी अधिकारी पूजा वर्मा का कहना है कि विष्णु की शादी नहीं हुई है. वह दिन-रात शराब पीता है. सुबह से ही शराब पी ली थी. शराब के नशे में ही मछरियाई दुकान आया था. वहीं परिजनों का कहना है कि विष्णु को पीलिया की बीमारी थी. कौन सी शराब पीने से मौत हुई है, इसका अभी तक पता नहीं चला है. क्योंकि बहुत सारे ब्रांड के क्वार्टर थे.
यही बात पुलिस ने भी दोहराई है. एएसपी नरेंद्र सोलंकी का कहना है कि मृतक बहुत ज्यादा शराब पीने का आदी था. शराब की दुकान के बाहर मृत अवस्था में मिला था. उन्होंने आगे बताया कि जो शराब पी थी, वह लाइसेंसी थी. हालांकि, आबकारी नियमों के साथ जांच की जा रही है. रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के कारणों की पुष्टी हो सकेगी.
गौरतलब है कि बंडा में नकली शराब के सेवन से हुई दो दर्जन से अधिक मौतों के दो माह बाद भी शराब के कारण हो रही मौतों का सिलसिला थम नही रह है. पिछले एक सप्ताह में शराब पीने से हुई मौत का यह तीसरा मामला है. संदेह जताया जा रहा है कि नकली शराब अब लाइसेंसी शराब दुकानों में पहुंच चुकी है, जिसके पीने से मौतें हो रही हैं. हालांकि शराब से हुई मौतों के मामलों को प्रशासन बीमारी या हार्ट फेलियर ही बताता रहा है.
वहीं अभी भी दूसरे युवक कमलेश सोनी की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे बीएमसी के आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया है. दूसरी तरफ मृतक विष्णु खटीक का आज पोस्टर्माटम किया जाएगा, पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.