App

'भगवान बिरसा मुंडा को नमन', पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु समेत दिग्गजों ने झारखंड स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

झारखंड स्थापना दिवस हर साल 15 नवंबर को मनाया जाता है. यह उस दिन की याद दिलाता है जब 'बिहार पुनर्गठन अधिनियम, 2000' के तहत, दक्षिणी बिहार के हिस्से को अलग करके भारत का 28वां राज्य बनाया गया था. इसी दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती भी होती है, जिसे 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाता है.

'भगवान बिरसा मुंडा को नमन', पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मु समेत दिग्गजों ने झारखंड स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं
Image Credit: झारखंड स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस (Photo-AI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के स्थापना दिवस की राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाओं से झारखंड की परंपराओं को निरंतर प्रेरणा मिलते रहने की कामना की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि झारखंड के सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! हमारा यह प्रदेश जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम है. यहां के घने वन, मनोरम जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल इसकी विशिष्ट पहचान को समृद्ध करते हैं. भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाओं से यहां की परंपराओं को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है.

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा कि खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक इस राज्य में अपार संभावनाएं हैं. मुझे विश्वास है कि यहां के मेरे मेहनती और प्रतिभाशाली परिवारजनों के संकल्प और सामर्थ्य के बल पर यह प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा. मेरी कामना है कि यह विशेष अवसर यहां के सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए.

राष्ट्रपति मुर्मु ने झारखंड स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी और झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां के निवासी राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे. राष्ट्रपति ने एक्स पोस्ट में कहा कि मैं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर मनाए जा रहे 'जनजातीय गौरव दिवस' की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं. यह दिवस हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत और राष्ट्र के प्रति जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करने का अवसर है. मैं कामना करती हूं कि सभी देशवासी हमारी अमूल्य विरासत को संरक्षित रखते हुए समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ें.

राष्ट्रपति मुर्मु ने स्थापना दिवस पर झारखंड के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जैसी ईश्वरीय विभूति और सिद्धो-कान्हू जैसे महानायकों की यह धरती अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, जीवंत लोक-परंपराओं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा के लिए विशिष्ट पहचान रखती है. मेरी कामना है कि झारखंड के परिश्रमी और प्रतिभाशाली निवासी अपनी समृद्ध विरासत को संजोते हुए राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अद्वितीय साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन और समस्त देशवासियों को 'जनजातीय गौरव दिवस' की हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान बिरसा मुंडा जी ने एक ओर जनजातीय समाज में स्वाभिमान और चेतना जगाई. वहीं, स्वसंस्कृति व मातृभूमि की रक्षा के लिए अंग्रेज़ी हुकूमत के विरुद्ध 'उलगुलान आंदोलन' के माध्यम से क्रांति का बिगुल फूंका. उनकी जीवनगाथा आज भी राष्ट्रहित के लिए संगठित रहने और त्याग व समर्पण की प्रेरणा देती है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम गाथा है. उन्होंने अंग्रेज़ी शासन के शोषण और अन्याय के विरुद्ध आवाज़ बुलंद की और जनजातीय समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया.

राजनाथ सिंह ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने की शुरुआत हुई. यह देश के जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है. मैं आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की भी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते रहेंगे.

वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पोस्ट में कहा कि जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के ओजस्वी प्रतीक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती पर कोटिशः नमन और समस्त देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. अल्पायु में ही उन्होंने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शी चिंतन और विलक्षण नेतृत्व क्षमता से जनजातीय समाज में नवजागरण की अलख जगाई. उनके नेतृत्व में हुआ 'उलगुलान' अंग्रेजी हुकूमत की शोषणकारी व्यवस्था, अन्याय और दमन के विरुद्ध एक सशक्त जनांदोलन बनकर उभरा. यह संघर्ष केवल राजनीतिक प्रतिरोध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदायों के अधिकारों, सांस्कृतिक अस्मिता और सामाजिक न्याय की रक्षा का व्यापक संकल्प था. उन्होंने समाज को अपनी परंपराओं, विरासत और स्वाभिमान के प्रति जागरूक करते हुए एकता, संगठन और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया.

उन्होंने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और शोषण के विरुद्ध भी जनचेतना का प्रसार किया. उनके विचारों ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, सामूहिक उत्तरदायित्व और अपने अधिकारों के प्रति सजगता का भाव सुदृढ़ किया. उनका संघर्ष इस सत्य को रेखांकित करता है कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी सांस्कृतिक जड़ों, सामुदायिक एकजुटता और अपने अस्तित्व की रक्षा के संकल्प में निहित होती है. उनका जीवन त्याग, तप, संघर्ष और जनसेवा की ऐसी प्रेरणादायी गाथा है, जो पीढ़ियों तक राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और न्याय के मूल्यों को आलोकित करती रहेगी. भगवान बिरसा मुंडा का अद्वितीय योगदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है. उनके आदर्श हमें जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देते रहेंगे.

झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ओम बिड़ला ने एक्स पर पोस्ट किया कि प्राकृतिक वैभव, विपुल खनिज संपदा, समृद्ध वनांचल और विशिष्ट जनजातीय सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक जननायकों के संघर्ष, त्याग और अदम्य संकल्प से सिंचित यह धरती अपने आदिवासी गौरव, श्रमशील समाज, लोककलाओं, भाषायी विविधता और जीवंत परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखती है. झारखंड की वास्तविक समृद्धि इसकी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ यहां की सांस्कृतिक चेतना, सामुदायिक एकजुटता और परिश्रमी जनमानस में भी निहित है.

उन्होंने कहा कि कामना है कि झारखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्रों में प्रगति के नए सोपान स्थापित करे. विकास की इस यात्रा में प्रत्येक वर्ग की समान भागीदारी सुनिश्चित हो और प्रदेश के नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का विस्तार हो. झारखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक अस्मिता और गौरवशाली विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहे.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More