SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच नमो भारत का बड़ा फैसला, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी 20 एक्सट्रा ट्रेनें

दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच NCRTC ने नमो भारत कॉरिडोर पर 4 नवंबर से 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू करने का फैसला किया है, ताकि यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के अधिक विकल्प मिलें और निजी वाहनों का इस्तेमाल कम हो.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 03, 2026, 07:57 PM IST | Updated: Nov 03, 2026, 08:10 PM IST
Image Credit: ANI
Join

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधा के लिए 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जा रही हैं. ये अतिरिक्त सेवाएं बुधवार यानी कि 4 नवंबर 2026 से शुरू होंगी. इनका संचालन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर किया जाएगा.

NCRTC की इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होने के साथ प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिल सके. दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ रही है.

राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़कर 397 तक पहुंच गया है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है. वहीं नमो भारत कॉरिडोर के आसपास स्थित गाजियाबाद और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों में भी हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है. प्रदूषण की गंभीर होती स्थिति को देखते हुए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू किया जा चुका है. इसके साथ ही प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए 1 नवंबर से दिल्ली में कुछ श्रेणियों के वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. ऐसे हालात में सार्वजनिक परिवहन के साधनों को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है.

इसी दिशा में NCRTC ने नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है. अतिरिक्त 20 ट्रिप्स शुरू होने से यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे. साथ ही ट्रेन सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से लोगों को अपने निजी कार और अन्य वाहनों का इस्तेमाल करने के बजाय नमो भारत से सफर करने में सहूलियत होगी. नमो भारत कॉरिडोर की एक बड़ी खासियत इसकी मल्टीमोडल कनेक्टिविटी है. इसके प्रमुख स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और सिटी बस सेवाओं से जोड़ा गया है.

सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशन यात्रियों को परिवहन के अलग-अलग साधनों के बीच आसानी से आवागमन की सुविधा देते हैं. इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलती है.

इसके अलावा नमो भारत स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इससे निजी वाहन से स्टेशन तक पहुंचने वाले लोग अपनी गाड़ी पार्क कर आगे की यात्रा नमो भारत ट्रेन से कर सकते हैं. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नमो भारत कनेक्ट ऐप में लाइव पार्किंग ट्रैकिंग का विकल्प भी दिया गया है.

इसके माध्यम से यात्री टिकट बुक करने से पहले ही संबंधित स्टेशन पर पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इससे उन्हें यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलती है और पार्किंग को लेकर होने वाली अनिश्चितता भी कम होती है. NCRTC का कहना है कि यात्रियों की बदलती जरूरतों और मांग के अनुरूप ट्रेन परिचालन को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है. 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की शुरुआत भी इसी रणनीति का हिस्सा है. इससे न केवल यात्रियों को सुविधाजनक और भरोसेमंद परिवहन विकल्प मिलेगा, बल्कि पूरे एनसीआर में टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.

ये भी पढ़ें: GRAP-2 के बीच दिल्ली मेट्रो का बड़ा फैसला, अब वर्किंग डेज में चलेंगी 20 एक्सट्रा ट्रेन ट्रिप

(Input: आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES