)
जौनपुर की बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने यूजीसी के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यूजीसी को लेकर लोगों को भ्रमित करने और समाज के बीच गलतफहमी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है. यूजीसी कोई ऐसा बड़ा मुद्दा नहीं है, जिससे किसी समाज को नुकसान होने वाला हो. भारतीय जनता पार्टी की नीति सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की है. पार्टी किसी भी समाज के हितों के साथ समझौता नहीं करेगी.
बीजेपी विधायक ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेतृत्व और पार्टी के पदाधिकारियों पर पूरा भरोसा है. उन्होंने आश्वस्त किया कि यूजीसी के विषय में किसी भी समाज के साथ अन्याय या नुकसान नहीं होने दिया जाएगा. भाजपा ने हमेशा अगड़े, पिछड़े और दलित समेत सभी वर्गों के हित में काम किया है और आगे भी करती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं.
विधान परिषद चुनाव में मिली हार पर विधायक रमेश मिश्रा ने स्वीकार किया कि मतदाता सूची तैयार कराने में भाजपा की ओर से कुछ कमियां रह गई थीं. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से काम किया, जबकि भाजपा समर्थक कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो सके.
उन्होंने कहा कि अंतिम समय में मतदाता सूची की जांच करने पर यह कमी सामने आई. कई लोगों ने नाम बढ़वाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनके नाम सूची में दर्ज नहीं हुए. विधायक ने इस मामले में बीएलओ स्तर पर लापरवाही की आशंका जताते हुए कहा कि यदि भाजपा समर्थक सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होते तो चुनाव का परिणाम अलग हो सकता था.
विधायक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वोट कटने और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर जनता के बीच बेवजह डर का माहौल बनाया जा रहा है. भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाएंगे.
उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान करीब सात हजार मतदाताओं के नाम सूची में अंतिम समय पर हटे हुए दिखाई दिए थे. उन्होंने इसे गंभीर चूक बताते हुए कहा कि पार्टी ने पिछली गलतियों से सबक लिया है. अब कार्यकर्ता एक-एक मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित कराने के लिए सक्रिय रहेंगे.
विधायक रमेश मिश्रा ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों का समर्थन भाजपा को मिलेगा और पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है. गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस, मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं मिली हैं.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कई परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के बावजूद राजनीतिक रूप से अलग विचार रखते हैं, लेकिन इस बार जनता विकास और सरकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी. विधायक ने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से 2027 में एक बार फिर प्रदेश में कमल खिलेगा.
(जौनपुर से अजीत सिंह की रिपोर्ट)