App

MCD के नोटिस के बाद मचा हड़कंप, खुद घरों तोड़ने लगे लोग; रघुवीर नगर में प्रशासन से नाराज परिवार

रघुवीर नगर में MCD के तोड़फोड़ नोटिस के बाद कई परिवार बुलडोजर से ज्यादा नुकसान के डर से अपने घरों के हिस्से खुद हटाने को मजबूर हैं. मगर लोग ऐसा क्यों कर रहे जानें.

MCD के नोटिस के बाद मचा हड़कंप, खुद घरों तोड़ने लगे लोग; रघुवीर नगर में प्रशासन से नाराज परिवार
Image Credit: MCD के नोटिस के बाद मचा हड़कंप, रघुवीर नगर में खुद घरों तोड़ने लगे लोग

Delhi News: राजधानी दिल्ली में त्योहारों के मौसम के बीच रघुवीर नगर के लोग नगर निगम की कार्रवाई से नाराज हैं. नगर निगम ने मादीपुर विधानसभा क्षेत्र के रघुवीर नगर के ब्लॉक में कई घरों को गिराने का नोटिस जारी किया है. नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके के MLA के सामने अपनी चिंता जताई.

MCD की कार्रवाई के डर से कुछ लोगों ने खुद ही अपने घर गिराना शुरू कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नगर निगम की टीम बुलडोजर का इस्तेमाल करती है तो उनके घरों को काफी नुकसान हो सकता है. इसलिए वे नुकसान को कम करने के लिए अपने घरों के कुछ हिस्सों को खुद ही हटा रहे हैं.

हालांकि, स्थानीय लोग इस कार्रवाई को लेकर सरकार और नगर निगम से नाराज भी हैं. लोग सवाल करते हैं कि जब घर लगभग 25 साल पहले बने थे, तब संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई क्यों नहीं की. उनका कहना है कि इतने सालों बाद अचानक नोटिस जारी करना और घरों को गिराने की कार्रवाई करना उनके लिए काफी परेशानी का सबब बन रहा है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दिल्ली में जब भी कोई बड़ा हादसा होता है तो अलग-अलग इलाकों में घरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाती है. उनका कहना है कि अगर कंस्ट्रक्शन नियमों के खिलाफ था तो तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए था.

बताया जा रहा है कि रघुवीर नगर में यह एक्शन नालों की सफाई और उनसे जुड़े कब्जे हटाने के लिए किया जा रहा है. अभी, नोटिस मिलने के बाद कई परिवार अपने घरों के कुछ हिस्से खुद हटाने को मजबूर हैं. लोगों की मांग है कि एक्शन लेने से पहले प्रभावित परिवारों की हालत और उनके नुकसान को ध्यान में रखते हुए कोई प्रैक्टिकल हल निकाला जाए.

(दिल्ली से राजेश शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More