)
दिल्ली नगर निगम (MCD) सदन की बैठक में गुरुवार को सफाई और प्रदूषण पर चर्चा के दौरान जोरदार हंगामा हो गया. कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिश की टिप्पणी से नाराज आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों ने विरोध किया. AAP की नेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता ज़ुबेर चौधरी और दूसरे पार्षद मेयर प्रवेश वाही के पोडियम पर चढ़ गए. शगुफ्ता चौधरी ने कथित तौर पर मेयर की टेबल से कागज फेंके. हंगामे के दौरान माइक छीनने, उसे तोड़ने और चाय फेंकने के भी आरोप लगे. मामला बढ़ने पर मेयर ने एजेंडा पास किया और फिर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी.
व्यक्तिगत टिप्पणी पर बढ़ा विवाद
बैठक के दौरान आरोप लगा कि मेयर ने नाजिया दानिश को सदन के बीच में खड़े होकर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से नहीं रोका. AAP पार्षदों ने इसका विरोध किया. हंगामे के बीच मेयर अपनी सीट छोड़कर बाहर चले गए. AAP पार्षदों ने उनका पोडियम घेर लिया और माइक नीचे फेंक दिया. इस दौरान BJP और AAP पार्षदों के बीच भी तीखी बहस हुई.
पार्षद फंड से शुरू हुआ हंगामा
बैठक शुरू होते ही AAP पार्षद प्रवीण कुमार ने पार्षद फंड का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि पार्षदों के लिए ₹2 करोड़ का ऐलान किया गया था, लेकिन अभी तक सिर्फ ₹50 लाख मिले हैं. मेयर ने ₹25 लाख की एक्स्ट्रा किस्त का ऐलान किया. मगर AAP पार्षदों ने विरोध जारी रखा, जिससे बैठक पांच मिनट के लिए रोकनी पड़ी.
प्रदूषण पर चर्चा के दौरान नेताओं में नोकझोंक
जब बैठक दोबारा शुरू हुई तो नेता सदन जय भगवान यादव ने BJP सरकार के काम का जिक्र किया. जवाब में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने BJP सरकारों की नाकामियों को गिनाया. इसके बाद कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिश ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर बात की और पिछली AAP सरकारों पर निशाना साधा.
इस दौरान शगुफ्ता ज़ुबेर चौधरी पर पव्यक्तिगत टिप्पणी और मेयर के दखल न देने से विवाद बढ़ गया. जब मेयर वापस आए तो उनका माइक खराब बताया गया. फिर उन्होंने नेता सदन को एजेंडा पास करने का निर्देश दिया. एजेंडा पास होने के बाद फिर हंगामा हुआ. आखिर में मेयर ने कमिश्नर की सीट पर लगे माइक से कार्यवाही कन्फर्म की और सदन को स्थगित कर दिया.
मेयर प्रवेश वाही ने जताई नाराजगी
मेयर प्रवेश वाही ने बैठक में हुई घटनाओं पर नाराजगी जताई. उन्होंने AAP नेताओं और पार्षदों के व्यवहार पर आपत्ति जताई और मामले में कार्रवाई की मांग की. इस घटना ने निगम के कामकाज और पार्षदों के व्यवहार को लेकर राजनीतिक विवाद को और गहरा कर दिया है.
नाजिया दानिश ने AAP पर किया पलटवार
विवाद के बाद कांग्रेस नेता नाजिया दानिश ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने पार्टी नेताओं की ताने कसीदे पढ़े और उनके रवैये पर सवाल उठाए. सदन में कांग्रेस और AAP के बीच बहस से सफाई और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर चर्चा में रुकावट आई.
BJP नेता मुकेश गोयल ने कार्रवाई की मांग की
BJP नेता मुकेश गोयल ने MCD सदन में हुए हंगामे की निंदा की. उन्होंने मेयर की सीट तक पहुंचने की कोशिश और माइक को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को गंभीर बताया और संबंधित पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इस घटना के बाद निगम में राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं.
(संजय कुमार वर्मा की रिपोर्ट)