App

दिल्ली के लाजपत नगर में 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी आग, एक की मौत

दिल्ली के लाजपत नगर में एक चार मंजिला इमारत के बेसमेंट स्थित ऑफिस में आग लगने से एक कर्मचारी गौरव की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी झुलस गया. शुरुआती जांच में वेल्डिंग के दौरान आग लगने की आशंका जताई गई है.

दिल्ली के लाजपत नगर में 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी आग, एक की मौत
Image Credit: दिल्ली के लाजपत नगर में 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी आग (AI IMAGE)

सॉउथ ईस्ट दिल्ली के लाजपत नगर-2 स्थित एक 4 मंजिला इमारत के बेसमेंट में बुधवार को आग लगने का मामला सामने आया है. हादसे में एक 23 वर्षीय युवक की जलकर मौत हो गई. आग दोपहर 1 बजे जी-5 इमारत में लगी थी. बताया जा रहा है कि इमारत के बेसमेंट में एक कार्यालय था. मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो ऑफिस के कर्मचारी था. वहीं 38 वर्षीय परमजीत शर्मा 30% झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है.

वही इस पूरे मामले में साउथ ईस्ट के एडिशनल डीसीपी उत्कर्ष ने बताया कि 18 नवंबर बुधवार को दोपहर लगभग 1:17 बजे लाजपत नगर पुलिस स्टेशन को एक PCR कॉल मिली. इसमें बताया गया कि लाजपत नगर-II की बिल्डिंग नंबर G-5 में आग लग गई है और कुछ लोग वहां फंसे हुए हैं. इलाके में गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल (HC) गजानंद ने आग देखी और तुरंत पुलिस स्टाफ को सतर्क किया.  स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, इलाके की घेराबंदी की और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.

वहीं गौरव नाम के एक कर्मचारी को बेसमेंट से बाहर निकाला गया और सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं प्रेम सिंह शर्मा नाम का एक अन्य कर्मचारी आग से झुलस गया है और फिलहाल सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती है. यह चार मंजिला इमारत है. इसके बेसमेंट में 'मिलना क्राफ्ट वर्क्स' (Milana Craft Works) नाम का एक ऑफिस/मीडिया हाउस है, जिसे बिल्डिंग का मालिक ही चलाता है. ऊपरी मंजिलों पर मालिक के रिश्तेदार और अन्य लोग रहते हैं.

शुरुआती जांच से पता चलता है कि घटना के समय बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था. संभवतः यह काम फायर सेफ्टी उपकरण (आग से बचाव के उपकरण) लगाने के लिए किया जा रहा था.

बताया जा रहा है कि 'मिलना क्राफ्ट वर्क्स' के उक्त दो कर्मचारियों की मौजूदगी में दो मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहे थे. फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के लिए मजदूरों को उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को आगे की पुष्टि के लिए बुलाया गया है.

फिलहाल आग बुझा दी गई है. घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. FIR दर्ज कर ली गई है. घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है. साथ ही, बिल्डिंग के मालिक, ठेकेदार और संबंधित मजदूरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

(दिल्ली से हरि किशोर साह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More