App

पहले इश्क, फिर शादी और अब बलि चढ़ाने की थी तैयारी, मौत के मुंह से भागकर पुलिस के पास पहुंची महिला

मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास के चक्कर में एक पति अपनी पत्नी और दो बच्चों की मां की बलि देने जा रहा था. इसके लिए उसने पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन महिला किसी तरह से वहां भागकर पुलिस के पास पहुंच गई और किसी तरह से उसकी जान बच गई. फिलहाल, पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

पहले इश्क, फिर शादी और अब बलि चढ़ाने की थी तैयारी, मौत के मुंह से भागकर पुलिस के पास पहुंची महिला
Image Credit: मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास के चक्कर में महिला की बलि चढ़ाने की थी तैयारी (Z News)

मुजफ्फरपुर जिला में अंधविश्वास के चक्कर में पत्नी को बलि चढ़ाने की तैयारी में ससुराल वाले थे. इसके लिए ओझा को बुलाकर तंत्र-मंत्र कराया जा रहा था. इसी बीच महिला को इसकी जानकारी हुई, तो वह भागकर पुलिस के पास पहुंच गई. उसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला की जान बचा ली. पुलिस ने आरोपी पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

दरअसल, मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के सिंघेला शंकर टोला का है, जहां की रहने वाली कविता कुमारी और रितेश कुमार के बीच पहले प्रेम प्रसंग हुआ, फिर दोनों परिवारों ने दोनों की शादी करा दी. शादी के बाद दोनों के दो बच्चे भी हुए, लेकिन कुछ समय बाद पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया.

आरोप है कि पति परिजनों के साथ मिलकर अक्सर पत्नी की पिटाई करने लगा और फिर इस पत्नी से पीछा छुड़ाने के लिए अंधविश्वास के चक्कर में सारी हदें पार कर दी. ओझा को बुलाकर जादू-टोना कराया जा रहा था और इसी बीच पीड़ित महिला के साथ मारपीट की गई. जब उसे शक हुआ कि उसका पति और परिवार वाले जादू-टोना करवा रहे हैं और जादू-टोना खत्म होने के बाद उसकी बलि देने की साजिश रची जा रही है.

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों की तरफ से घर पर पूजा के लिए बाबा और ओझा को बुलाया गया. इसी बीच उसके पति रितेश ने उसके मायके में फोन कर कहा कि तुम्हारी बेटी मर गई है. खबर सुनते ही मायके वाले दौड़े-दौड़े पहुंचे, तो आरोपी परिवार ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. कई लोग बुरी तरह जख्मी हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया. पीड़िता का कहना है कि पूजा के बाद तीनों आरोपी पीड़िता कविता की बलि देने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही परिजन और पुलिस पहुंच गए और कविता की जान बच गई.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति रितेश कुमार, देवर सुबोध कुमार और सास संगीता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गिरफ्तारी हुई है. साथ ही घर पहुंचे ओझा-भगत की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

इनपुट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More