)
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले के बाद क्या अब अभिनेता सैफ अली खान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आ गया है? यह सवाल सोशल मीडिया पर वायरल एक धमकी से उठ रहा है. इस ऑडियो मैसेज में खुद बिश्नोई गैंग का मेंबर बताने वाले जीशान अख्तर (Zeeshan Akhtar) नामक आरोपी ने सैफ अली खान को धमकाया है. आरोपी ने सख्त लहजे में कहा कि वह अपनी बीवी (करीना कपूर खान) को समझा ले, वरना उसका अंजाम भी बाबा सिद्दीकी की तरह हो सकता है.
ऑडियो में आरोपी इस बात से नाराज था कि करीना कपूर ने कुरान की आयतें लिखा हुआ हार क्यों पहना था. करीना ने यह हार दिवाली लुक वाली ड्रेस के ऊपर पहना था. यह 30 कैरेट पन्ने का का था, जिस पर कुरान की आयत 'आयतुल कुर्सी' लिखी हुई थी. बताया जाता है कि यह हार भोपाल के पूर्व नवाब परिवार की विरासत है. सैफ अली खान से निकाह के बाद यह करीना कपूर खान तक पहुंचा.
इस ऑडियो के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस एक्शन में आ गई है और वह धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है. जी मीडिया इस ऑडियो मैसेज की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. बॉलीवुड के कद्दावर अभिनेता रहे सैफ अली खान को धमकी देकर जीशान अख्तर फिर चर्चा में आ गया है. इससे पहले सैफ पर चाकू से हुए कातिलाना हमले में भी जीशान अख्तर का नाम उभरा था. लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका.
सूत्रों के मुताबिक, जीशान अख्तर मूल रूप से पंजाब के जलंधर के शमशेरपुर गांव का निवासी है. NIA के रिकॉर्ड के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह के नेटवर्क से जुड़ा रहा है. उस पर पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत दर्जनों मामले दर्ज हैं.
मुंबई के बांद्रा में 12 अक्टूबर 2024 को हुए बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का उसे मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है. वारदात के बाद से वह इस मामले में वांछित चल रहा है.
जांच एजेंसियों का कहना है कि जीशान ने ही बाहर ही वह व्यक्ति था, जिसने बाहर रहकर शूटरों शिवकुमार गौतम, धर्मराज कश्यप और गुरमेल सिंह के लिए लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था की थी. उसने उसने शूटरों के लिए किराये का मकान, फंडिं, हथियार और लॉजिस्टिक सहायता मुहैया कराई थी. हत्या के वक्त वह शूटरों के सीधे संपर्क में था और उन्हें लोकेशन की जानकारी दे रहा था.
पटियाला पुलिस ने वर्ष 2022 में संगठित अपराध के जुर्म में जीशान अख्तर को अरेस्ट किया था. कहते हैं कि पटियाला जेल में रहने के दौरान उसका संपर्क वहां बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों से हुआ. इसके बाद वह भी लॉरेंस गैंग के साथ जुड़ गया.
हालांकि, खुफिया रिपोर्टों की मानें तो उसके अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मतभेद हो गए हैं. अब वह कनाडा-अमेरिका में छिपे गैंगस्टर रोहित गोदारा के लिए काम करता है. फिलहाल, जीशान अख्तर फरार है और वह कहां छिपा है, इसके बारे में किसी को पता नहीं है.
जीशान अख्तर ने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि वह भारत छोड़कर भाग चुका है और अब कभी वापस सरेंडर नहीं करेगा. उसने इस वीडियो में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की मदद से भारत से बाहर निकलने का दावा किया था.
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जीशान अख्तर के पाकिस्तान या पश्चिम एशिया के किसी देश में छिपे होने का अंदेशा है. मुंबई, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीमें उसे ट्रेस करने में जुटी हैं. लोकेशन मिलने के बाद इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया जाएगा.
अब एक्टर सैफ अली खान को कथित धमकी के बाद जीशान अख्तर का नाम फिर से सुर्खियों में आ गया है. मुंबई पुलिस और साइबर सेल फिलहाल इन वायरल ऑडियो और धमकियों के सोर्स की जांच कर रही हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इसके पीछे वाकई जीशान अख्तर का हाथ है या कोई दूसरा गिरोह उसके नाम का इस्तेमाल कर मुंबई में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है.