SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Delhi में जेल की दुश्मनी का खौफनाक बदला, कालिंदी कुंज में शख्स की चाकू गोदकर हत्या; बीयर पार्टी के बहाने बुलाया

दिल्ली के कालिंदी कुंज में शाहिद हुसैन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस की शुरुआती जांच में जेल की पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया गया है, जबकि मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 15, 2026, 03:20 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 03:34 PM IST
Image Credit: AI Image
Join

Delhi News: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में कुछ हमलावरों ने एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी. शुरूआती जांच में पता चला कि यह हत्या जेल में हुई पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई है. अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले की आगे की जांच चल रही है.

मृतक शाहिद हुसैन शाहीन बाग के अबुल फजल एन्क्लेव-II का रहने वाला था. कालिंदी कुंज थाने के कांस्टेबल अवधेश उसे अपोलो अस्पताल ले गए. अस्पताल द्वारा शाम 5:32 बजे जारी किए गए मेडिको-लीगल सर्टिफिकेट में बताया गया कि अस्पताल पहुंचने तक हुसैन की मौत हो चुकी थी.

हेड कांस्टेबल मनीष द्वारा ड्यूटी ऑफिसर को चाकूबाजी की घटना की सूचना देने के बाद पुलिस श्रीराम चौक पहुंची. घटनास्थल पर एक लावारिस स्कूटर मिला और उसके पास खून के धब्बे भी पाए गए.

पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, हुसैन हरियाणा के बसंतपुर में मदनपुर खादर के रहने वाले शाबिद मलिक उर्फ ​​मोनू से मिलने गया था. बताया जा रहा है कि दोनों एक रेस्टोरेंट में मिले और बीयर पी. जब हुसैन अपने स्कूटर से वापस लौट रहा था, तब काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों ने उसे रोका और चाकू मारकर फरार हो गए.

पुलिस ने पूछताछ के लिए शाबिद मलिक को हिरासत में लिया. बाद में पुलिस ने मदनपुर खादर की जेजे कॉलोनी के रहने वाले 21 वर्षीय करण उर्फ ​​करम शाह को समोसा चौक के पास से पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल करण चला रहा था और हमले के दौरान उसके बाएं पैर में भी चाकू लग गया था.

पूछताछ के दौरान करण ने पुलिस को बताया कि यह हत्या हुसैन और तरुण उर्फ ​​रंजन के बीच पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई थी. जेल में रहने के दौरान हुसैन ने तरुण को घायल कर दिया था. तरुण को डर था कि जेल से बाहर आने के बाद हुसैन उसे अपना निशाना बना सकता है.

पुलिस ने बताया कि तरुण और शाबिद ने मिलकर हुसैन को बीयर पार्टी के बहाने बुलाने और लौटते समय उस पर हमला करने की योजना बनाई थी. पुलिस के अनुसार, इस साजिश में गौरव गुम्मा, अमन और राजा भी कथित तौर पर शामिल थे. 27 वर्षीय अबूजर उर्फ ​​सोनू ने इस अपराध के लिए अपनी नई खरीदी गई बाइक उपलब्ध कराई थी.

ये भी पढ़ें: जामिया में कोई भूख हड़ताल पर तो कोई नींद हड़ताल पर, आखिर क्या है छात्रों की मांग?

(Input: IANS)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES