)
Delhi News: दिल्ली में 18वें BRICS Summit को लेकर सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई है. सम्मेलन में विदेशी मेहमान और बड़े नेता शामिल होने वाले हैं. ऐसे में इनकी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक को कंट्रोल किया जाएगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात 8:15 बजे से रात 11 बजे तक कई रास्तों पर ट्रैफिक पाबंदियां और डायवर्जन लागू रहेंगे.
वहीं सेंट्रल दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास का इलाका प्रतिबंधित रहेगा. इतना ही नहीं सेंट्रल दिल्ली की तरफ जाने वाली कई सड़कों पर भी जरूरत के अनुसार गाड़ियों को राका या दूसरे रास्तों की ओर डायवर्ट किया जा सकता है.
कहां प्रभावित रहेगा ट्रैफिक?
राजधानी में इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, जनपथ, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, भगवान दास रोड, मथुरा रोड और प्रगति मैदान के आसपास लोगों को ट्रैफिक पाबंदियों का असर देखने को मिल सकता है. इन इलाकों को जोड़ने वाली सड़कों पर भी ट्रैफिक की आवाजाही कंट्रोल में रहेगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी चलाने वालों से अपील की है कि वो प्रतिबंधित इलाकों में जाने से बचें और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए बताए गए ऑप्शनल रास्तों का इस्तेमाल करें. इसके साथ ही लोगों को घर से निकलने से पहले सफर की प्लानिंग करने और थोड़ा ज्यादा समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए एडवाइजरी
ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और ISBT जाने वाले लोगों से सावधानी बरतने को कहा है. लोगों को समय से थोड़ा पहले घर से निकलने को कहा गया है. साथ ही अगर संभव हो, मेट्रो या दूसरे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को आवाजाही में प्राथमिकता दी जाएगी.
कई बड़े नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं?
18वें BRICS Summit में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान समेत कई देशों के नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं.

बारिश से हो सकती है परेशानी?
BRICS Summit के दौरान दिल्ली के मौसम पर भी नजर रहेगी. मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 सितंबर को राजधानी में बारिश की संभावना जताई है. शनिवार को बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना है. ऐसे में ट्रैफिक पाबंदियों के साथ बारिश के कारण भी लोगों को सफर में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.