SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

साइप्रस के राष्ट्रपति भवन में पहली बार जगमगाई दिवाली: हेल्प2लिव की ऐतिहासिक पहल, शुरू हुआ #DiwaliHug

साइप्रस के राष्ट्रपति भवन में पहली बार भव्य दिवाली समारोह आयोजित हुआ. जानिए हेल्प2लिव (Help2Live) की इस ऐतिहासिक पहल और #DiwaliHug अभियान की खास बातें.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 13, 2026, 19:12 IST | Updated: Nov 13, 2026, 20:07 IST
Image Credit: साइप्रस राष्ट्रपति भवन में पहली दिवाली, हेल्प2लिव ने किया आयोजन
Join

साइप्रस गणराज्य के इतिहास में पहली बार राजधानी निकोसिया स्थित राष्ट्रपति भवन में दिवाली मनाई गई. 9 नवंबर की शाम आयोजित साइप्रस ग्लोज: दिवाली 2026 का आयोजन श्री दीपक कुमार द्वारा स्थापित हेल्प2लिव चैरिटी फाउंडेशन ने किया.

समारोह की मेजबानी महामहिम राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस और प्रथम महिला फिलिपा कार्सेरा ने की. लगभग 150 मेहमानों में मेसाओरिया के बिशप ग्रेगोरियोस, अटॉर्नी जनरल, मंत्री, सांसद, राजनयिक, उद्योगपति और भारतीय समुदाय के लोग शामिल थे. यह पहल श्री दीपक कुमार की थी, जो 20 साल से अधिक समय से साइप्रस में रह रहे हैं और पिछले 15 सालों से हेल्प2लिव का पूरा खर्च अपनी जेब से उठा रहे हैं.

एक झप्पी से शुरू हुआ #DiwaliHug

शाम का सबसे यादगार पल वह था, जब श्री दीपक कुमार ने महामहिम राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस को गर्मजोशी से गले लगाया. इसी से #DiwaliHug की शुरुआत हुई.

दिवाली अंधकार पर प्रकाश की जीत का पर्व है और इसका संदेश यही है कि जो चीजें हमें जोड़ती हैं, वे हमें बांटने वाली चीजों से कहीं बड़ी हैं. दीपक कुमार के अनुसार, दीये की लौ की तरह एक झप्पी भी किसी से उसका देश, धर्म या भाषा नहीं पूछती. वह हर उस इंसान तक पहुंचती है जिसे छूती है. आज जब दुनिया अक्सर बंटी हुई लगती है, तब #DiwaliHug याद दिलाता है कि प्यार और एक-दूसरे की परवाह पूरी दुनिया को जोड़ सकती है.

दीपक कुमार ने साइप्रस और दुनिया भर के लोगों से अपील की है कि वे किसी अपने, किसी दोस्त या किसी अनजान को गले लगाकर दिवाली की भावना को जिंदा रखें और उस पल को #DiwaliHug के साथ साझा करते हुए @indiansincyprus को टैग करें.

'मेरे नाम का अर्थ है दीया'

अपने स्वागत भाषण में दीपक कुमार ने राष्ट्रपति का धन्यवाद किया कि उन्होंने पहली बार राष्ट्रपति भवन के दरवाजे दिवाली के लिए खोले. उन्होंने कहा कि यह साइप्रस को अपना घर मानने वाले हर भारतीय के लिए एक तोहफा है.

उन्होंने बताया कि भारत में हर नाम का एक अर्थ होता है. संस्कृत में दीपक का अर्थ है दीया, यानी प्रकाश का स्रोत. उन्होंने आगे कहा, 'यही दिवाली से मेरा रिश्ता है' 15 साल पहले हेल्प2लिव की स्थापना करते समय उनकी बस एक इच्छा थी: अपने नाम को सार्थक करना और जहाँ अंधेरा सबसे गहरा हो, वहां एक दीया जलाना.

15 साल की सेवा

हेल्प2लिव अनाथ बच्चों की देखभाल और शिक्षा में मदद करता है. फाउंडेशन ने जर्मन मेडिकल इंस्टीट्यूट में कैंसर मरीजों के लिए एक पूरा रूफटॉप गार्डन बनवाया है, जहां मरीज अपने परिवार के साथ बैठकर समुद्र का नज़ारा देख सकते हैं. दीपक कुमार ने कहा, 'हम हमेशा जिंदगी में दिन नहीं जोड़ सकते, लेकिन उन दिनों में रोशनी जरूर जोड़ सकते हैं.

संस्था वृद्धाश्रमों में बुज़ुर्गों से मिलती है, कोरोना महामारी के दौरान इसने घरों में बंद लोगों तक राशन और दवाइयां पहुंचाईं, और कई सालों से यह ड्यूटी पर जान गंवाने वाले साइप्रस पुलिस अधिकारियों के परिवारों के साथ खड़ी है. युवाओं के लिए यह फुटबॉल, वॉलीबॉल और मैराथन को भी प्रायोजित करती है.

दीपक कुमार ने कहा कि हेल्प2लिव दूसरी संस्थाओं के साथ मिलकर काम करता है, क्योंकि “यह कभी किसी एक नाम की बात नहीं थी”. दीया कभी यह नहीं पूछता कि वह किसका घर रोशन कर रहा है; उसकी रोशनी सबके लिए होती है, चाहे किसी का धर्म, भाषा या रंग कुछ भी हो.

भाषण के तुरंत बाद घोषणा की गई कि हेल्प2लिव साइप्रस की दो संस्थाओं को कुल €20,000 (लगभग ₹21 लाख) दान करेगा: €10,000 अल्कियोनाइड्स फाउंडेशन को और €10,000 रेडियो मैराथन को.

कृष्ण और सुदामा की दोस्ती

दीपक कुमार ने याद दिलाया कि दोनों देशों का रिश्ता बहुत पुराना है. साइप्रस के दिवंगत राष्ट्रपति ग्लाफकोस क्लेरिडेस की पत्नी लिला आइरीन क्लेरिडेस भारत में लिला एरुलकर के रूप में जन्मी थीं. उन्होंने साइप्रस को भारत का हर मौसम का दोस्त बताया और इस रिश्ते की तुलना कृष्ण और सुदामा की दोस्ती से की. हाथ जोड़कर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिजली, सीधी उड़ानों और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर साइप्रस की मदद करने की अपील की.

उन्होंने आगे कहा, 'भारत वह धरती है जिसने मुझे जन्म दिया, और साइप्रस वह धरती है जिसने मुझे जीवन का उद्देश्य दिया.'  अपने भाषण का अंत उन्होंने वसुधैव कुटुम्बकम् के संदेश से किया.

नेताओं ने क्या कहा

महामहिम राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस ने साइप्रस के राष्ट्रपति भवन में साइप्रस ग्लोज - दिवाली समारोह में सहयोग के लिए दीपक कुमार का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि यह आयोजन दोनों देशों के गहरे रिश्तों और साइप्रस के सामाजिक व आर्थिक जीवन में भारतीय समुदाय के योगदान को दर्शाता है. उन्होंने जून 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की साइप्रस यात्रा, मई 2026 में अपनी भारत यात्रा और अगले महीने होने वाले भारत–यूरोपीय संघ व्यापार समझौते का जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'जो रोशनी हम मिलकर पैदा करते हैं, वह हमारे अकेले के प्रयास से कहीं आगे तक पहुंच सकती है.'

भारत के उच्चायुक्त महामहिम मनीष ने राष्ट्रपति और प्रथम महिला का आभार जताया और साइप्रस के राष्ट्रपति भवन में साइप्रस ग्लोज- दिवाली समारोह में सहयोग के लिए श्री दीपक कुमार का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि हेल्प2लिव का काम बताता है कि उदारता समृद्धि के केंद्र में होती है. उन्होंने साइप्रस की संप्रभुता के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया और बताया कि अगले साल दोनों देश राजनयिक संबंधों के 65 साल पूरे करेंगे.

दीप, नृत्य और संगीत

राष्ट्रपति, प्रथम महिला और उच्चायुक्त ने मंच पर मिलकर दीप प्रज्वलित किया. मेहमानों ने भारतीय नृत्य प्रस्तुतियों और भारतीय व्यंजनों का आनंद लिया और शाम का समापन यूनानी संगीत के मशहूर कलाकार जॉर्जियोस थियोफानस और जॉर्जियोस पापाडोपोलस के कॉन्सर्ट से हुआ. साइप्रस के लिए यह एक ऐतिहासिक पहली दिवाली थी, और हेल्प2लिव के लिए एक ऐसी झप्पी की शुरुआत, जो सरहदों से परे तक जानी चाहिए.

Disclaimer: This article is from the Brand Desk. User discretion is advised

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES