)
छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. राज्य के निचले इलाकों और नदियों व नालों के किनारे बसी बस्तियों पर इसका असर सबसे ज्यादा और चिंताजनक है. कई जिलों में रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. नदियों और नालों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और तेज बहाव के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है. तेज बहाव की वजह से हुई दुर्घटनाओं में मौत की दुखद खबरें भी सामने आई हैं, जिससे प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं. इस बीच, मौसम विभाग ने एक नया अपडेट जारी किया है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता में कमी आएगी, फिर भी लोगों को फिलहाल सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
रायपुर में ड्रेनेज सिस्टम फेल
राजधानी रायपुर भी इस प्राकृतिक आपदा से अछूती नहीं है. शहर की जर्जर और खराब ड्रेनेज व्यवस्था के कारण, सिर्फ एक-दो घंटे की भारी बारिश से ही कई इलाकों की सड़कों और गलियों में भारी जलजमाव हो जाता है, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. घरों से निकलते ही लोगों को सड़कों पर भरे पानी की वजह से आने-जाने में परेशानी हो रही है. कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकता है. ऐसे में प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं.
जानिए कब थमेगा बारिश का दौर?
मौजूदा हालात को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने कुछ राहत की उम्मीद जताई है. विभाग के अनुसार, कल यानी शुक्रवार 4 सितंबर से राज्य भर में बारिश के दायरे और तेजी, दोनों में कमी आएगी. इस बीच हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार हाई अलर्ट पर है. राज्य के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि संभावित आपदाओं और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए राज्य भर के जिला कलेक्टरों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं. साथ ही, राहत और बचाव कार्यों के लिए पहले से ही फंड आवंटित कर दिया गया है.
हसदेव मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा
इस बीच, कोरबा जिले में लगातार बारिश की वजह से हसदेव मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़कर 358.77 मीटर हो गया है, जिससे यह अपनी कुल क्षमता का 94.65% भर गया है. जलस्तर बढ़ने के कारण 11 में से 5 गेट खोल दिए गए हैं. इन गेटों से हसदेव नदी में 31,529 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट के तीन टर्बाइनों से 9,000 क्यूसेक पानी और छोड़ा जा रहा है, जिससे बांध से कुल पानी का बहाव 40,529 क्यूसेक हो गया है. डूबने की आशंका वाले इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है और प्रशासन ने निवासियों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की है.