संवर रहा ग्रामीण बच्चों का भविष्य, बिना एक भी रुपया खर्च किए मिल रही हाई-क्लास कोचिंग; JEE-NEET की तैयारी मुफ्त
छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण अंचलों में रहने वाले बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए 'प्रयास आवासीय विद्यालय' का संचालन कर रही है, जिसमें JEE-NEET के साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क में दी जा रही है.
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और दूरदराज अंचलों में रहने वाले गरीब मेधावी बच्चों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना साकार हो सकता है और इसके लिए उनको महंगे प्राइवेट कोचिंग सेंटर की फीस का बोझ भी नहीं उठाना पड़ेगा. यह सब छत्तीसगढ़ सरकार की एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना से सच होता नजर आ रहा है. राज्य सरकार द्वारा संचालित 'प्रयास आवासीय विद्यालय' ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रहे हैं.
इन आवासीय विद्यालयों में आठवीं क्लास में प्रथम श्रेणी से पास होने वाले और प्रतियोगी परीक्षाओं के इच्छुक बच्चों का चयन प्रवेश परीक्षा और मेरिट सूची के आधार पर किया जाता है. खास बात यह है कि यहां छात्रों को बिना एक भी रुपया खर्च किए देश की प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं जैसे जेईई (JEE) और नीट (NEET) की कोचिंग पूरी तरह नि:शुल्क दी जा रही है.
बलरामपुर में 175 छात्र-छात्राएं कर रहे पढ़ाई
बलरामपुर जिले के भेलवाडीह में चल रहे 'प्रयास आवासीय विद्यालय' में वर्तमान में लड़के और लड़कियों को मिलाकर कुल 175 स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं. शासन की प्लानिंग के अनुसार, यहां बच्चों को केवल पढ़ाई का ही नहीं, बल्कि रहने, खाने, पुस्तकें और गणवेश (यूनिफॉर्म) जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं.
प्राइवेट कोचिंग की मोटी फीस से भी राहत
इन परीक्षा की तैयारियों के लिए छात्रों और अभिभावकों को प्राइवेट कोचिंग सेंटर में मोटी रकम चुकानी पड़ती है, वहीं इस आवासीय परिसर में योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों को मिलने वाले बेहतरीन शैक्षणिक माहौल ने उनके भविष्य की राह को आसान बना दिया है. यही वजह है कि यहां पल रहे ग्रामीण छात्र अपनी मेहनत और इन सुनहरे अवसरों के दम पर डॉक्टर-इंजीनियर बनने की मजबूत उड़ान भर रहे हैं.
आवासीय विद्यालय में रह रहे छात्रों ने क्या बताया?
विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चों का कहना है कि उनको यहां पर पढ़ाई का अच्छा माहौल मिल रहा है और सभी बच्चों का लक्ष्य भी अलग-अलग है. कोई डॉक्टर बनना चाहता है, तो कोई इंजीनयर बनना चाहता है. जेईई (JEE) और नीट (NEET) की तैयारी 'प्रयास आवसीय विद्यालय' में निःशुल्क कराई जाती है, जबकि इन्हीं विषयों की कोचिंग के लिए प्राइवेट संस्थानों में मोटी फीस देकर लेनी पड़ती है.
बच्चों ने आवसीय विद्यालय के शिक्षकों की भी जमकर तारीफ की और कहा कि उनको यहां पर अच्छी पढ़ाई के साथ साथ रहने खाने की भी अच्छी व्यवस्था मिल रही है. आवसीय विद्यालय के प्राचार्य ने बताया है कि शासन की प्लानिंग के अनुसार ही विद्यालय का संचालन किया जा रहा है और जिले के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जगहों से आए बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ सारी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है. (इनपुट- शैलेंद्र सिंह बघेल)