'कोई काम में टांग अड़ाए तो राजनीति में आ जाना...', बीजेपी विधायक नीलकंठ टेकाम का बयान, भूपेश बघेल का क्यों लिया नाम?
छत्तीसगढ़ के बीजेपी विधायक नीलकंठ टेकाम का बयान इन दिनों खूब चर्चा में है. उन्होंने अपने कलेक्टरी से लेकर विधायकी तक के सफर के बारे में खुलकर बताया. आइए जानते हैं कि इनके इस सफर के पीछे किसका हाथ था?
केशकाल विधानसभा के बीजेपी विधायक नीलकंठ टेकाम ने जनजाति गौरव दिवस के कार्यक्रम में कुछ ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है. बच्चों को कलेक्टर और एसपी बनने की नसीहत देते-देते विधायक ने अपने ही राजनीतिक सफर का किस्सा सुना दिया. ZEE मीडिया के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वजह से उन्हें राजनीति में आना पड़ा.
दरअसल, कोंडागांव जिले में जनजाति गौरव दिवस के कार्यक्रम में पहुंचे केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम बच्चों को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने बच्चों को खूब पढ़-लिखकर कलेक्टर और एसपी बनने की सलाह दी. लेकिन इसी बीच उन्होंने एक ऐसी बात कही, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. विधायक ने कहा कि कलेक्टर-एसपी बनकर अच्छा काम करना, लेकिन अगर आपके काम में कोई टांग अड़ाए तो कलेक्टरी छोड़कर राजनीति में आ जाना.
ZEE मीडिया की टीम ने क्या पूछा ?
वहीं विधायक की इस बात पर ZEE मीडिया की टीम ने उनसे सीधा सवाल पूछा कि क्या जब आप जिले के कलेक्टर थे, तब भी किसी ने आपके काम में टांग अड़ाई थी? क्या इसी वजह से आपको कलेक्टरी छोड़कर राजनीति में आना पड़ा? और क्या आपकी राजनीतिक एंट्री के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भूमिका थी?
किसकी वजह से राजनीति में आए ?
ZEE मीडिया के इस सवाल पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने खुलकर अपनी बात रखी. विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम लेते हुए कहा कि उनकी वजह से ही मुझे राजनीति में आना पड़ा. विधायक ने कहा कि मुझे अपने ही चहेते विधायक के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतारा और मैं विधायक बन गया.
पूर्व विधायक के नाम का किया जिक्र
इतना ही नहीं विधायक नीलकंठ टेकाम ने अपने बयान में पूर्व विधायक संत नेताम का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि जब वे कलेक्टर थे, तब संत नेताम विधायक थे. इसके बाद में उन्होंने उन्हीं के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा. अब जनजाति गौरव दिवस के मंच से दिया गया विधायक का बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है. कई सवाल भी उठ रहे हैं कि कलेक्टर से विधायक बनने का यह सफर महज एक संयोग था या इसके पीछे उस दौर की राजनीतिक परिस्थितियों की भी बड़ी भूमिका थी?
ये भी पढ़ेंः नक्सलवाद से जंग खत्म, अब बस्तर से मणिपुर जाएंगे जवान; खाली हो रहे सुरक्षा कैंपों को लेकर क्या है प्लानिंग?
कौन हैं विधायक नीलकंठ टेकाम ?
1. नीलकंठ टेकाम का जन्म कांकेर जिले के अंतागढ़ ब्लॉक में हुआ.
2. 1987-88 में कांकेर कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष निर्वाचित हुए.
3. 1989 में समाजशास्त्र सब्जेक्ट से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की.
4. 1991 में शिक्षक बने, लेकिन सिर्फ 7 दिन तक सेवा दी.
5. 1994 में MPPSC की परीक्षा में ST कैटेगरी में टॉपर रहे.
6. 1994 से 2008 तक अविभाजित मध्य प्रदेश में SDM समेत कई पदों पर रहे.
7. छत्तीसगढ़ राज्य बनने पर छत्तीसगढ़ कैडर चुना, जगदलपुर में SDM बन गए.
8. 2008 में कोंडागांव के कलेक्टर भी रहे.
9. पहले भी चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा देकर निर्दलीय नामांकन भरा था, बाद में वापस लिया.
10. 2023 में केशकाल से BJP प्रत्याशी बनकर 5,560 वोटों से जीत हासिल की.
(रिपोर्टः चंपेश जोशी, कोंडागांव)