)
मध्यप्रदेश में 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया है. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि कांग्रेस ने 2028 में प्रदेश में सरकार बनाने का संकल्प लिया है.
दरअसल, दोनों नेता सीधी जिले की सिहावल विधानसभा क्षेत्र के सुपेला पहुंचे थे. जहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय इंद्रजीत कुमार की अष्टम पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद कार्यकर्ताओं और मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने परिसीमन, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती है और इससे जुड़ी परिस्थितियों पर कांग्रेस की नजर है. जीतू पटवारी का कहना है कि बीजेपी के राजनीतिक कदमों का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है.
उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ी है और राहुल गांधी के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है. जीतू पटवारी ने दावा किया कि राहुल गांधी जहां भी जा रहे हैं, वहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकजुट हो रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया.
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया था, लेकिन भाजपा नेताओं द्वारा न्यायालय में याचिकाएं दायर किए जाने के कारण पिछड़े वर्ग को अब तक इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाया है.
ये भी पढ़ेंः MP में 27% OBC आरक्षण पर SC में सरकार की SLP को मिला नियमित नंबर, दूर हुईं 13 तकनीकी खामियां
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है और न्यायालय में भी अपने स्तर पर प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि 2018 में कांग्रेस द्वारा लिए गए फैसले को लागू नहीं किया गया. वहीं उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान और वरिष्ठ नेता इस विषय पर चर्चा कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि अच्छा गठबंधन होगा.
सीधी के सुपेला में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बहाने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक एकजुटता का संदेश भी दिया. एक तरफ जीतू पटवारी ने संविधान, लोकतंत्र और परिसीमन जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी का रुख सामने रखा, तो दूसरी तरफ अरुण यादव ने ओबीसी आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. दोनों नेताओं ने 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और सरकार बनाने के संकल्प को दोहराया.
(रिपोर्टः आदर्श गौतम, सीधी)