)
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाल ही में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान भारत की मौजूदा आर्थिक स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर तीखे सवाल उठाए हैं. उनके इस बयान ने एक बार फिर देश में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है.
राहुल गांधी ने दावा किया कि आज के युवा अपने माता-पिता के संघर्ष और उनकी पुरानी असफलताओं से निराश हैं. उन्होंने बताया कि इन युवाओं में से कई ऐसे लोगों के बच्चे हैं, जिन्होंने कभी प्रधानमंत्री में देश की बड़ी संभावनाएं देखी थीं. राहुल के मुताबिक, युवा अपने माता-पिता से साफ कह रहे हैं, 'आप सफल नहीं हैं, आपके पास कोई नौकरी नहीं है. आप हमें वह करने के लिए नहीं कह सकते जो आपने किया था, क्योंकि उससे कोई फायदा नहीं होता.'
WATCH: Interaction at Columbia University | New York, USA https://t.co/Ml2bWO19r4
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 18, 2026
यह बात खुद उन युवाओं के माता-पिता ने राहुल गांधी को बताई है. देश की गंभीर होती स्थिति पर बात करते हुए राहुल गांधी ने बिना किसी लाग-लपेट के कहा कि सीधी और कड़वी सच्चाई यह है कि भारत आज एक आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है. उन्होंने मीडिया और सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भले ही इस सच को नजरअंदाज करने की कोशिश की जाए, लेकिन देश में बेरोजगारी की समस्या बहुत विकराल रूप ले चुकी है.
बेरोजगारी के अलावा, उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था पर भी गहरी चिंता जताई. राहुल गांधी ने कहा कि भारत की शिक्षा प्रणाली इस समय एक गंभीर संकट से जूझ रही है और इन बुनियादी समस्याओं से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता. अपने संबोधन के अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह और उनकी टीम सिर्फ कमियां गिनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका मुख्य फोकस इस बात पर है कि इन समस्याओं से बाहर निकलने का सही और व्यावहारिक रास्ता क्या हो सकता है.