)
दीपावली से ठीक पहले छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की महिलाओं को बड़ा उपहार देने जा रही है. आज राज्य सरकार महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त की राशि जारी करेगी. राज्योत्सव समारोह के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो रहे हैं. वे सिंगल क्लिक के जरिए बटन दबाकर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में सीधे सहायता राशि ट्रांसफर करेंगे.
इसमें विशेष रूप से दूरदराज और संवेदनशील नियाद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाएं शामिल हैं, जिन्हें उनकी 13वीं किस्त मिलेगी. वहीं 33वीं किस्त के तहत राज्य भर की 6,740,410 पात्र महिलाओं के खातों में कुल ₹632.63 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी.
महतारी वंदन योजना महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है. इससे पहले सरकार 32 किस्तों के माध्यम से कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान कर चुकी थी. आज 33वीं किस्त के सफल हस्तांतरण के साथ इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को दी गई कुल आर्थिक सहायता 21,350.50 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी, जिससे उन्हें त्योहारों के मौसम में काफी आर्थिक संबल मिलेगा.
महतारी वंदन योजना की लाभार्थी सूची में अपना नाम देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट mahatarivandan.cgstate.gov.in पर जाएं. होमपेज पर मेनू बार में फाइनल लिस्ट (अंतिम सूची) या बेनिफिशियरी स्टेटस (लाभार्थी की स्थिति) विकल्प पर क्लिक करें. यदि आप अपना बेनिफिशियरी स्टेटस देखना चाहते हैं, तो अपना मोबाइल नंबर या आधार कार्ड नंबर दर्ज करें, कैप्चा कोड भरें और सबमिट पर क्लिक करें. जानकारी सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर आपके आवेदन की स्थिति, किस्त का विवरण और आपका नाम दिखाई देगा.
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए एक बड़े वरदान से कम नहीं साबित हो रही है. त्योहारों के सीजन में सरकार की ओर से मिल रही यह आर्थिक सहायता न केवल उनके चेहरों पर मुस्कान ला रही है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर और सशक्त भी बना रही है. इस दिवाली प्रशासन की ओर से मिले इस उपहार ने इन महिलाओं की खुशियों को दोगुना कर दिया है.