राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र के बीरबीरा गांव में बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या का मामला सामने आया है. गांव में पति-पत्नी की सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है. घटना की सूचना मिलने पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. मृतकों की पहचान सदासी राम साहू और उनकी पत्नी आसबाती के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक दंपत्ति गांव में अपने मकान में रहते थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गुरुवार को दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस को आरंग थाना क्षेत्र के बीरबीरा गांव में एक घर में बुजुर्ग दंपत्ति के शव पड़े होने की सूचना मिली. इस सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और FSL टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शवों की जांच करने पर पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है. आरंग पुलिस ने मामला दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.
10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे पति-पत्नी
मृतक दंपति 10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे. उनके दो बेटे रायपुर में रहते और काम करते हैं और दो बेटियां भी हैं. दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अपने ससुराल में रहती हैं. शुरुआती जांच से यह हत्या का मामला लग रहा है और पुलिस ने अब इस मामले की पूरी जांच शुरू कर दी है. मृतक व्यक्ति, सदासी राम साहू (65) साल के थे और उनकी पत्नी, आसबाती (62) साल की थीं. यह दंपत्ति गांव में एक घर में रहता था.
जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीण एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने बताया, यह घटना आरंग पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाले बिरबिरा गांव में हुई. पुलिस को दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि वहां रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी गई है. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच से पता चला कि जोड़े की मौत हत्या का मामला है. हत्या के तरीके के बारे में उन्होंने बताया कि दंपति की हत्या किसी धारदार और नुकीली चीज से की गई थी. मौके पर पुलिस डॉग स्क्वॉड, FSL टीम और फिंगरप्रिंट टीम मौजूद थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.