CM विष्णु देव साय ने एशियन पैरा गेम्स के विजेताओं को किया सम्मानित, गोल्ड मेडलिस्ट तोमन कुमार को 51 लाख, अभिजीत सखूजा को मिलेंगे 31 लाख रुपये
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया. स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये देने की घोषणा की.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में अपने निवास कार्यालय में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह के दौरान एशियन पैरा गेम्स में देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया है. इस दौरान राज्य सरकार ने असाधारण प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया है. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने दोनों विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
सीएम साय ने एक्स पर लिखा, 'एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को आज मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी उपस्थित रहे. सीआरपीएफ में सेवा के दौरान नक्सल ऑपरेशन में आईईडी ब्लास्ट के कारण अपना पैर गंवाने के बावजूद तोमन कुमार जी ने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से स्वर्ण पदक जीतकर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है. राज्य सरकार ने उन्हें ₹51 लाख और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा जी को ₹31 लाख की सम्मान राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है. मुझे विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते रहेंगे. दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.'
तोमन कुमार ने नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं मानी हार
तोमन कुमार छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के रहने वाले हैं. सीआरपीएफ (CRPF) में सेवा के दौरान साल 2022 में एक नक्सली ऑपरेशन में आईईडी (IED) ब्लास्ट की दुर्घटना में तोमन कुमार ने अपना एक पैर गंवा दिया था, लेकिन इस विकट परिस्थिति और शारीरिक चुनौती के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. पैर गंवाने के बाद उन्होंने दृढ़ संकल्प के बल पर पैरा तीरंदाजी में अपनी मेहनत जारी रखी और एशियन पैरा गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर एक मिसाल कायम की.
बचपन से ही दिव्यांगता के शिकार हैं अभिजीत सखूजा
साल 2005 में जन्मे अभिजीत सखूजा पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले हैं. छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में वह पहले और इकलौते ऐसे पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी बने, जिन्होंने जूनियर स्तर से ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदकों की झड़ी लगा दी. अभिजीत बचपन से ही पैर में दिव्यांगता के शिकार हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी खूद को कमजोर नहीं माना और आगे चलकर SL4 स्टैंडिंग लोअर कैटेगरी में खेले.