छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक दक्षिणी इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर सहित 10 जिलों में हल्की बारिश होने और बिजली गिरने की आशंका है. जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर रायपुर में तेज बारिश के आसार नहीं हैं. 18 अक्टूबर को राजधानी में दिनभर आसमान साफ रहने की संभावना है, हालांकि दोपहर से शाम के बीच बादल छा सकते हैं.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में एक-दो जगहों पर बारिश दर्ज की गई. राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.4°C रायपुर के लालपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 18.8°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया. रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1°C अधिक रहा, वहीं अंबिकापुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3°C अधिक रहा.
रविवार को राजधानी रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. हालांकि, दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान लगभग 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है. वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था.
मौसम विभाग के अनुसार 18 से 21 अक्टूबर के बीच राज्य में एक-दो जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के भी आसार हैं. 21 अक्टूबर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. वहीं 22 और 23 अक्टूबर को पूरे राज्य में मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है.
दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और तमिलनाडु से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन फैली हुई. इस सिस्टम के असर से समुद्र से लगातार नमी छत्तीसगढ़ के ओर आ रही है. इसी नमी के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग के जिलों में अगले 24 से 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी तूफान चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं.शनिवार को जशपुर जिले के पत्थलगांव और कुनकुरी, दोनों जगहों पर 3 सेमी बारिश दर्ज की गई. बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई.