)
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी दी है. राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और एक-दो दिन बारिश होने के आसार हैं.
रायपुर का मौसम
मंगलवार को राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है. शहर में अधिकतम तापमान लगभग 33°C और न्यूनतम तापमान लगभग 25°C रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.2°C माना में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20°C पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया.
एक साथ कई मौसम प्रणालियां सक्रिय
इस समय छत्तीसगढ़ में एक साथ कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसके चलते प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है. मानसून ट्रफ, कम दबाव वाले क्षेत्र से जुड़ी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी के पास बना चक्रवाती परिसंचरण प्रदेश में नमी ला रहा है. इसके प्रभाव से अलगे दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
कैसा रहेगा अगले दो मौसम?
15 सितंबर राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. एक या दो जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की चेतावनी भी जारी की गई है. वहीं पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. इसके अलावा, एक या दो जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है.
अबतक कितनी बारिश हुई
1 जून से अब तक बारिश के आंकड़े के मुताबिक सामान्य वर्षा वाले जिलों में बालोद, बलौदा बाजार, बस्तर, बीजापुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और जांजगीर शामिल हैं. सामान्य से अधिक वर्षा वाले जिलों में बलरामपुर, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं. वहीं सामान्य से कम वर्षा वाले जिलों में सरगुजा, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, कोंडागांव, कांकेर, कबीरधाम, जशपुर और बेमेतरा शामिल हैं.