)
छत्तीसगढ़ में मानसून का वापसी का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. फिलहाल विभाग ने किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है. वहीं गुरुवार को बीजापुर सहित प्रदेश के कुछ और इलाकों में मानसून विदा हो गया. हालांकि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हुई और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व बिहार पर बना चक्रवाती परिसंचरण झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक फैली द्रोणिका के रूप में सक्रिय है. साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन दोनों सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है. इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है.
शहरों का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो जगहों पर तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. राज्य में राजनांदगांव सबसे गर्म और पेंड्रा रोड सबसे ठंडा इलाका रहा. गुरुवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा था. वहीं रायपुर 33.8, जगदलपुर 33.6, पेंड्रा रोड 32.6, बिलासपुर 32.4, दुर्ग 32.2 और अंबिकापुर 31.1 डिग्री. दूसरी ओर पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडा रहा.
कहां कितनी बारिश हुई
कुसमी में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई. चंडो में 30 मिमी बारिश हुई, जबकि लभंडी, रामचंद्रपुर, बेलतारा और दुर्ग में से हर जगह 20 मिमी बारिश दर्ज की गई. केशकाल, मैनपाट और ससोनोस्ट में से हर जगह 1 मिमी बारिश दर्ज की गई. विभाग ने शुक्रवार को एक या दो जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है. इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है.
तीन किसानों की मौत
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई. घटना के समय दो लोग खेत में काम कर रहे थे, जबकि तीसरा किसान बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा था. तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रायपुर का मौसम
शुक्रवार को रायपुर का मौसम साफ रहने की संभावना है. यहां का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया था.