नारायणपुर-बीजापुर के ASP को PHQ में मिली बड़ी जिम्मेदारी, 18 IPS अधिकारियों का तबादला, जानिए किसे मिली कहां की कमान
छत्तीसगढ़ में 18 IPS अधिकारियों का तबादला किया गया है. गृह विभाग के आदेश के तहत ASP, CSP और ट्रेनी अधिकारियों समेत कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है.
Published: Oct 09, 2026, 02:39 PM IST
| Updated: Oct 09, 2026, 02:59 PM IST
छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 18 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. गृह विभाग की ओर से शुक्रवार 9 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, बस्तर, सुकमा, कांकेर, नारायपुर, राजनांदगांव, कोरिया और बीजापुर समेत कई क्षेत्रों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. इसमें एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) और सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (CSP) रैंक के अधिकारी, साथ ही ट्रेनी अधिकारी भी शामिल हैं. आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को तुरंत अपनी नई पोस्टिंग पर कार्यभार संभालना होगा.
जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी
- बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रहे झा अमनकुमार रामकुमार को रायपुर में पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (SIB) के पद पर नियुक्त किया गया है. नारायणपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के तौर पर तैनात अजय कुमार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (SIB) की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
- भानुप्रतापपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के तौर पर तैनात आकाश श्रीमाल को असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल (AIG) नियुक्त किया गया है. नारायणपुर में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के तौर पर तैनात अक्षय प्रमोद सबद्रा को पुलिस सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्लानिंग/मैनेजमेंट) की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
- दुर्ग जिले के STF बघेरा में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (NTF) नियुक्त किया गया है. सुकमा में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित कुमार शाह को बीजापुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं बटालियन का कमांडेंट नियुक्त किया गया है.
- वहीं, जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) ध्रुव समितकुमार दत्तालहरी को कांकेर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन्स) नियुक्त किया गया है. रायपुर के आजाद चौक में असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) के तौर पर काम कर चुके इशू अग्रवाल को नारायणपुर जिले में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ऑपरेशन्स) की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
- रायगढ़ के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) मयंक मिश्रा को सुकमा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन्स) के पद पर नियुक्त किया गया है. राजनांदगांव की CSP वैशाली जैन को जगदलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन्स) की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
ट्रेनी IPS अधिकारियों को मिला स्वतंत्र प्रभार
- ट्रेनी अधिकारियों को प्रमोशन देकर अहम पदों की जिम्मेदारी दी गई है. अंकिता जैन (बिलासपुर की ट्रेनी) को जगदलपुर का सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (CSP) कि जिम्मेदारी दी गई है.
- साकरे मानसी नानाभाऊ (2023 बैच, रायपुर की ट्रेनी) को आजाद चौक, रायपुर का असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) की जिम्मेदारी मिली है.
- आदित्य कुमार (2024 बैच, राजनांदगांव के ट्रेनी) को राजनांदगांव का CSP और प्रतीक बसोद (2024 बैच, कांकेर के ट्रेनी) को अंबिकापुर (सरगुजा) का CSP नियुक्त किया गया है