)
छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के दौर के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर से होकर गुजर रही मानसून की वापसी रेखा और ऊपरी वायुमंडल में एक नए सिस्टम के सक्रिय होने से राज्य में बारिश के अनुकूल हालात बन रहे हैं. इसके असर से राजधानी रायपुर समेत राज्य के 26 जिलों में शाम और रात के समय तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
अनुमान है कि तीन दिनों में इस सक्रिय सिस्टम के कमजोर पड़ने पर छत्तीसगढ़ से मानसून पूरी तरह से हट जाएगा और राज्य भर में शुरुआती सर्दियों वाली सुहावनी, हल्की ठंड तेज़ी से बढ़ने लगेगी.
कई जिलों में बारिश का अलर्ट!
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (7 अक्टूबर) शाम 6:20 बजे से रात 9:20 बजे तक ये अलर्ट जारी किया गया है. इसका असर बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में देखने को मिल सकता है.
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा है. न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा. मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को शाम और रात में बारिश और गरज-चमक हो सकती है. प्रदेश में मंगलवार को मौसम ज्यादातर सूखा रहा, सिर्फ मुंगेली और बलरामपुर में हल्की बारिश हुई. बुधवार से अगले तीन दिन तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है.
यहां देखें तापमान
मंगलवार को तापमान के मामले में राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड पर न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां मौसम में ठंडक महसूस हुई. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक राज्य के कुछ इलाकों में ऐसा ही खुशनुमा लेकिन आंधी-बारिश वाला मौसम बना रहेगा.
छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के साथ ही मौसम में आए इस बदलाव से कई जिलों को गर्मी और उमस से राहत मिली है. राजनांदगांव और रायपुर में दिन के समय तेज धूप और गर्मी बनी हुई है, लेकिन शाम होते ही मौसम सुहावना हो जाता है और राज्य के 26 जिलों में आंधी-तूफ़ान और बारिश की संभावना है. मौसम का यह मिला-जुला मिजाज अगले तीन दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है. इसके बाद जैसे-जैसे राज्य में बारिश कम होगी, तेज़ी से ठंड महसूस होने लगेगी.