यात्रीगण कृपया ध्यान दें... बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस समेत 16 ट्रेनें रद्द, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित 3 का बदला रूट, देखें पूरी लिस्ट
चक्रधरपुर मंडल में पांचवीं रेल लाइन के काम के चलते 25 सितंबर से 13 अक्टूबर तक 16 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी, जबकि 3 ट्रेनों का रूट बदला गया है. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपडेट चेक करने की सलाह दी है.
छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. चक्रधरपुर मंडल में पांचवीं रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते 25 सितंबर से 13 अक्टूबर तक बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस समेत 16 प्रमुख ट्रेनें प्रभावित रहेंगी. वहीं, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस समेत 3 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा. इसका असर बिहार और झारखंड की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के संचालन और रूट से जुड़ी जानकारी जरूर जान लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
चक्रधरपुर रेल मंडल में पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने का आदेश जारी किया है, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं लाइन बिछाने और उसे कमीशन करने का काम शुरू किया जा रहा है. इसके लिए अलग-अलग चरणों में नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य होगा.इसी वजह से 25 सितंबर से 13 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है.
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
- इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द रहेगी.
- इसके अलावा नांदेड़-सांतरागाछी, सांतरागाछी-नांदेड़, हटिया-दुर्ग और दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस के साथ बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस का परिचालन भी निर्धारित तारीखों पर प्रभावित रहेगा.
- रेलवे ने हटिया-एलटीटी, एलटीटी-हटिया, हावड़ा-सीएसएमटी दूरंतो और सीएसएमटी-हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस को भी कुछ तारीखों पर रद्द करने का निर्णय लिया है.
इन ट्रेनों का बदला गया मार्ग
- आरा-दुर्ग और दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस भी एक अक्टूबर को प्रभावित रहेगी.
- उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में आगासोद स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जाएगा.
- इसके चलते 26 सितंबर से 14 अक्टूबर तक कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी.
- यह ट्रेन भोपाल, मक्सी, नागदा और मथुरा के रास्ते अमृतसर पहुंचेगी.
- वहीं 8 अक्टूबर की दुर्ग-निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस कटनी, ओहन और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर चलेगी.
- इसी तरह 7 अक्टूबर की पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी.
- रेलवे के इस फैसले का सीधा असर बिलासपुर और छत्तीसगढ़ से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा.
- ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस और निर्धारित रूट जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2028: शिवसेना शिंदे गुट का बड़ा प्लान, 20 सीटों पर फोकस, जानें क्या है तैयारी?