छत्तीसगढ़ के बस्तर में चक्रवाती तूफान अर्नब से आई बाढ़ के बाद अब सियासी तूफान थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बाढ़ राहत को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है. दीपक बैज ने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार को संवेदनहीन बताया है.
बस्तर में बाढ़ के बाद सीएम विष्णु देव साय के दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बस्तर के बाढ़ पीड़ितों के लिए हवाई यात्रा करते हैं, हवाई सर्वे करते हैं. उसके बाद पूल में जाकर फोटो खिंचवाकर अधिकारियों के साथ नक्शे में बाढ़ को देख रहे हैं.
दीपक बैज ने कसा तंज
बैज ने कहा कि इस सरकार और मुख्यमंत्री को कितनी गंभीरता है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. सरकार इतनी संवेदनहीन है कि अभी तक सरकार की तरफ से स्पष्ट निर्देश तक नहीं आया है. उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री बस्तर पर जरूर आए, लेकिन बाढ़ प्रभावितों के लिए कोई घोषणा नहीं की है. दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि सीएम साय पहले बस्तर के टूर पर आए, अब सिंगापुर के टूर पर जा रहे हैं.
घरों में मलबा भरा हुआ
वहीं, उन्होंने जगदलपुर में बाढ़ राहत शिविरों को खाली कराए जाने का आरोप भी लगाया है. दीपक बैज ने कहा कि अब तक बाढ़ पीड़ितों के रहने-खाने की व्यवस्था नहीं हुई है. अब भी घरों में बाढ़ का मलबा भरा हुआ है. इसके बावजूद प्रशासन बाढ़ राहत शिविर खाली करवा रहा है.
हजारों घर तबाह हो चुके
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने यह भी कहा कि मैं लगातार 2 दिन बस्तर के दौरे पर था. लोहंडीगुड़ा इलाके और जगदलपुर के 2 वार्डों में 2 दिन के दौरे के दौरान मैंने देखा कि बारिश ने पूरी तरह से गरीबों के हजारों घरों को तबाह कर दिया है. उन्होंने कहा कि घर पूरी तरह से टूट गए, कच्चे मकान जमींदोज हो गए. पक्के मकान अंदर से प्रभावित हैं.
पानी छोड़े जाने पर सवाल
इसके अलावा, दीपक बैज ने ओडिशा से इंद्रावती नदी में पानी छोड़े जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को दी जाने वाली राहत राशि भी अपर्याप्त है. उन्होंने कहा कि RBC 6(4) के तहत दी जाने वाली राशि अपर्याप्त है. दीपक बैज ने मवेशियों के नुकसान की राहत राशि को लेकर भी सवाल उठाया है. उन्होंने बाढ़ राहत राशि बढ़ाने की मांग की है. (रिपोर्टः अनूप अवस्थी, जगदलपुर)