)
Sugar Price Hike: देश में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों के चलते छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है. जिले में चीनी की कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. खासकर उन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया है, जो थोक और चिल्हर बाजारों में ज्यादा दामों पर चीनी बेच रहे हैं. इतना ही नहीं कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि बढ़ती कीमतों का फायदा उठाकर कोई व्यापारी ग्राहकों से मनमाने दाम न वसूले और बाजार में किसी भी तरह की कमी न हो पाए.
कलेक्टर के निर्देश के बाद खाद्य विभाग की तरफ से जिले में शक्कर की आवक, बिक्री से लेकर उसके स्टॉक की नियमित जांच की जाएगी. इसके अलावा, प्रशासन की तरफ से यह भी नजर रखी जाएगी, कि कहीं कोई व्यापारी कम स्टॉक दिखाकर चीनी की कमी का ढिंढोरा पीट रहे हों और महंगे दामों पर चीनी की सप्लाई कर रहे हों. ऐसा करने वालों पर जिला प्रशासन की तरफ से कार्रवाई की जाएगी. वहीं अधिकारियों को व्यापारियों के रिकॉर्ड को भी जांच करने के लिए निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर बाजारों में अचानक निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि चीनी की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के पीछे वास्तविक स्थिति सामने आ सके.
मुनाफाखोरी बर्दाश्त नहीं
इतना ही नहीं खाद्य विभाग की टीम जांच के दौरान व्यापारियों के स्टॉक, बिक्री बिल समेत कई तरह की जांच करेगी. इसके साथ ही दस्तावेजों में दर्ज स्टॉक का गोदाम में मौजूद वास्तविक माल से मिलान किया जाएगा. अगर रिकॉर्ड या वास्तविक स्टॉक में अंतर दिखाई दिया तो संबंधित व्यापारी से जवाब मांगा जाएगा. इसके अलावा, उस पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई भी की जा सकती है. क्योंकि प्रशासन की तरफ से साफ निर्देश दिए गए हैं, कि शक्कर की जमाखोरी, कालाबाजारी या मुनाफाखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
लगातार हो रही निगरानी
वहीं कलेक्टर संजय अग्रवाल का कहना है कि आम लोगों को शक्कर के बढ़ते दामों के चलते अनावश्यक महंगाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए बाजार की लगातार निगरानी की जा रही है. उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर जांच करते रहने और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए हैं. वहीं उन्होंने यह भी कहा कि बाजार में चीनी के स्टॉक और कीमतों पर नजर रखी जा रही है. साथ ही व्यापारियों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है. कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि मुनाफाखोरी करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी.