बोर्ड मीटिंग से पहले टाटा ग्रुप में बवाल! टाटा ट्रस्ट्स ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा; मांगा 65 करोड़ का मुआवजा
टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से एन चंद्रशेखरन के री-अपॉइंटमेंट को चुनौती देने वाली याचिका गुरुवार को दाखिल की गई है. उम्मीद की जा रही है कि इस पर 27 नवंबर को सुनवाई हो सकती है. इसके साथ ही टाटा संस ने 65 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है.
देश के सबसे बड़े कारोबारी घराने टाटा ग्रुप में चल रहा विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अब यह खुलकर अदालत की दहलीज पर पहुंच गया है. टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से गुरुवार को टाटा संस और इसके छह डायरेक्टर्स के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया गया है. टाटा ट्रस्ट्स ने इस कानूनी कदम से टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को पांच साल के लिए दोबारा नियुक्त किये जाने के फैसले को चुनौती दी है. इसके अलावा टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से 18 फीसदी सालाना ब्याज के साथ 65 करोड़ के मुआवजे की मांग की गई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की तरफ से 50 करोड़ और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ का क्लेम किया है. इस मामले पर बॉम्बे हाईकोर्ट में कल यानी शुक्रवार को सुनवाई हो सकती है.
विवाद का क्या है कारण?
टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से दायर याचिका में 17 सितंबर 2026 को हुई बोर्ड मीटिंग में पास प्रस्ताव को अमान्य घोषित किये जाने की मांग की गई है. इस बोर्ड मीटिंग के दौरान एन चंद्रशेखरन की फिर से नियुक्ति को मंजूरी दी गई थी. ट्रस्ट्स की तरफ से तर्क दिया गया है कि टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AoA) के आर्टिकल-121 के तहत प्रस्ताव को जरूरी सहमति नहीं मिली थी. बुधवार रात ट्रस्टियों की मीटिंग में वोटिंग के आधार पर मुकदमा दायर करने का फैसला किया गया. ट्रस्ट्स का कहना है कि इस मामले को लेकर टाटा संस से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन इस पर किसी तरह का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.
30 नवंबर से पहले राहत की मांग
टाटा संस में नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है. ट्रस्ट्स की तरफ से हाईकोर्ट से इस मामले पर तत्काल राहत देने की मांग की गई है. इस मांग में कहा कि 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में यदि नॉमिनी डायरेक्टर्स के बीच किसी तरह की असहमति होती है तो टाटा संस के चेयरमैन को कास्टिंग वोट इस्तेमाल करने से रोका जाए. दरअसल, टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स के दो नॉमिनी डायरेक्टर नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन हैं. आपको बता दें 17 सितंबर की मीटिंग में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया था, जबकि श्रीनिवासन ने इस पर सहमति जताई थी. ट्रस्ट्स का कहना है कि नियमों के अनुसार किसी भी बड़े फैसले के लिए ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर्स के बहुमत की सहमति अलग से जरूरी है. इस तरह के फैसले पूरे बोर्ड के बहुमत के आधार पर नहीं लिया जा सकता.
टाटा संस ने मानी नोएल टाटा की मांग, बोर्ड मीटिंग टली; नई तारीख पर क्या हुआ फैसला?
टाटा संस के IPO पर भी फंसा पेंच
टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच यह कानूनी लड़ाई 30 नवंबर को होने जा रही टाटा संस की बोर्ड मीटिंग से पहले शुरू हो गई है. इस मीटिंग में टाटा संस को पब्लिक कंपनी में बदलने, संभावित IPO लाने और चेयरमैन की री-अपॉइंटमेंट जैसे बड़े एजेंडे पर बातचीत होना है. टाटा संस अपने आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AOA) में बदलाव कर खुद को फिर से पब्लिक कंपनी बनाना चाहती है. इससे 2017 में प्राइवेट कंपनी बनने का फैसला पलट जाएगा. मौजूदा नियमों के अनुसार आर्टिकल 4(c) कंपनी को आम जनता से निवेश जुटाने से रोकता है, जिसे लिस्टिंग के लिए हटाना जरूरी है.
नोएल टाटा के विरोध के बीच होगी टाटा संस की लिस्टिंग, कंपनी ने शुरू कर दी तैयारियां; कितनी होगी वैल्यूएशन?
RBI का निर्देश और नोएल टाटा का विरोध
पिछले दिनों 16 नवंबर को आरबीआई ने टाटा संस को अपर-लेयर NBFC से जुड़े नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था. इसमें शेयर बाजार में लिस्टिंग की शर्त भी शामिल है. 17 सितंबर को बोर्ड की मीटिंग में आरबीआई के निर्देश का पालन करने के लिए लिस्टिंग का समर्थन किया गया था. लेकिन नोएल टाटा की तरफ से इसका विरोध किया गया था. कंपनी का प्लान 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग के बाद EGM बुलाकर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेना है. इसके 90 दिन के अंदर SEBI के पास IPO के डॉक्यूमेंट फाइल करना और 180 दिन में लिस्टिंग पूरी करने का टारगेट रखा गया है. नोएल टाटा ने आर्टिकल 121A(g) और 121B का हवाला देकर इक्विटी कैपिटल बढ़ाने का विरोध किया है. साथ ही लिस्टिंग से बचने के लिए 28 सितंबर के मर्जर प्रपोजल को तवज्जो दी है.