)
देश में महंगाई दर के बढ़कर रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचने के बाद रिजर्व बैंक की दिसंबर में होने जा रही एमपीसी में रेपो रेट में इजाफा किये जाने की उम्मीद जताई जा रही है. कुछ मीडिया रिपोर्ट में ब्याज दर में 25 बेसिस प्वाइंट का इजाफा करने की बात कही जा रही है. वहीं, कुछ में 50 बेसिस प्वाइंट के इजाफे तक की बात कही जा रही है. ब्याज दर इजाफे को लेकर एसबीआई रिसर्च की तरफ से कहा गया कि रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से दिसंबर की एमपीसी में महंगाई दर को काबू करने के लिए ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी करना पर्याप्त रहेगा. इसके साथ ही रेपो रेट में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी से पूंजी की निकासी, रुपये में अस्थिरता और निश्चित रूप से आर्थिक विकास को लेकर चिंताएं पैदा हो सकती हैं.
रिपोर्ट में बताया गया कि नवंबर का महीना अमेरिकी बाजारों और उनसे जुड़े दूसरे बाजारों के लिए काफी मुश्किल रहा है, जो कई मोर्चें पर दबाव का सामना कर रहे हैं. अमेरिकी हाउसिंग मार्केट, जो परिवारों की आर्थिक कमजोरी का सबसे अहम संकेतक है उसमें कई कारणों से उभरते हुए दबाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं. एसबीआई रिपोर्ट में कहा गया कि इसमें पहला कारण मार्गेज लरेन 13.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि कंज्यूमर लोन पर ब्याज दरें 11.9 प्रतिशत के ऊंचे लेवल पर बनी हुई हैं. इससे परिवारों पर लोन चुकाने का बोझ बढ़ गया है.
दूसरा, लोन लेने की ऊंची लागत के कारण घरों का किफायती होना और उनकी डिमांड प्रभावित हो रही है. तीसरी बात, घर के मालिकों की इक्विटी जीडीपी के करीब 110 प्रतिशत के ऊंचे लेवल पर बनी है, जिससे यह साफ होता है कि मौजूदा घर मालिकों के पास काफी संपत्ति जमा हो गई है. हालांकि, इससे घरों की खरीद-बिक्री या आवाजाही में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है. इसका कारण मॉर्गेज दरों का 'लॉक-इन' होना या 'गोल्डन हैंडकफ्स' (यानी कम ब्याज दर पर बंधे रहने के कारण दूसरी जगह न जा पाना) जैसा असर है.
रिपोर्ट में कहा गया, 'भविष्य को लेकर अनिश्चितता के कारण नवंबर के पहले पखवाड़े में गोल्ड ईटीएफ में रिकॉर्ड 706 मिलियन डॉलर का निवेश आया है. अक्टूबर में 657 मिलियन डॉलर की निकासी हुई थी, जो अब उलट गई है. यह स्थिति संकट के पिछले दौर की याद दिलाती है, जब इक्विटी बाजारों में मंदी के बावजूद सोने और चांदी की कीमतें गिर गई थीं, लेकिन कुछ ही महीनों में दोगुनी हो गई थीं.'
अमेरिकी बाजारों में मौजूदा गिरावट वाकई गंभीर है. बाजार की यह भारी गिरावट दिखाती है कि भले ही नए इनोवेशन सफल हो रहे हों, फिर भी मंदी आ सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, 'डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत में हालिया उतार-चढ़ाव ने यह साफ कर दिया है कि भारत जैसे देश के लिए एक तय लिमिट के बाद एक्सचेंज रेट 'शॉक एब्जॉर्बर' के बजाय 'शॉक एम्पलीफायर' का काम करने लगती है.' (IANS)