'मुनाफे के आगे हार जाएगी इंसानियत...' टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर नोएल टाटा का बड़ा बयान
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की तरफ से टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग का विरोध किया जा रहा हे. उनका मानना है कि लिस्टिंग से मुनाफा परोपकार पर हावी हो जाएगा और टाटा ग्रुप की 150 साल पुरानी पहचान बदल जाएगी. इस मामले को लेकर ट्रस्ट के अंदर ही दो राय बनी हुई हैं.
देश के सबसे बड़े और भरोसेमंद कारोबारी घराने टाटा ग्रुप (Tata Group) के अंदर चल रही कलह किसी से छिपी नहीं है. टाटा के अंदर ग्रुप की होल्डिंग कंपनी 'टाटा संस' की शेयर बाजार में लिस्टिंग कराने को लेकर काफी उठा-पटक चल रही है. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा इस लिस्टिंग का खुलकर विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि टाटा संस की लिस्टिंग हुई तो हर खर्च का हिसाब मांगा जाएगा और कंपनी अपने परोपकार से जुड़े कामों पर फोकस नहीं कर पाएगा. पिछले दिनों नोएल टाटा ने 17 सितंबर को हुई बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी थी. इस रिकॉर्डिंग को देने से भी टाटा संस की तरफ से इनकार कर दिया गया है. इस मीटिंग के दौरान एन चंद्रशेखरन को दोबारा से टाटा संस का चेयरमैन नियुक्त किया गया था. इस दौरान नोएल टाटा ने एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का विरोध किया था.
अब एक कार्यक्रम में बोलते हुए नोएल टाटा ने साफ कहा, यदि टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट किया गया तो इससे टाटा का काम करने का भरोसेमंद और पुराना तरीका बदल जाएगा. उन्होंने आशंका जताई कि बाहरी निवेशकों के कंपनी में हिस्सेदारी लेने से परोपकार की बजाय मुनाफे पर फोकस किया जाने लगेगा. नोएल टाटा ने ग्रुप की असली पहचान के बारे में समझाते हुए कहा कि आज टाटा संस को होने वाले कुल प्रॉफिट का 66 फीसदी हिस्सा परोपकार और समाज सेवा से जुड़े काम में लगाया जाता है. दुनियाभर में ऐसा अनोखा मॉडल कहीं और देखने के लिए नहीं मिलता. उन्होंने भावुक होकर कहा कि टाटा ग्रुप में चैरिटी बिजनेस से पहले आती है और चैरिटी ही बिजनेस की मालिक है. उन्होंने कहा, जब 30 से 40 हजार शेयरहोल्डर कंपनी से जुड़ जाएंगे तो मुनाफे का दबाव बढ़ेगा और समाज सेवा की भावना पीछे रह जाएगी.
टाटा संस पर क्यों है लिस्टिंग का दबाव?
टाटा संस पर आरबीआई (RBI) के नियमों को फॉलो करने का दबाव है. आरबीआई के 'अपर-लेयर एनबीएफसी' नियमों के तहत टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग जरूरी है. अपर लेयर एनबीएफसी की लिस्ट में शामिल सभी कंपनियों में से टाटा संस ही ऐसी कंपनी है, जिसने अभी तक इस रूल को फॉलो नहीं किया है. नोएल टाटा का कहना है कि वे रेगुलेटर्स के साथ मिलकर कोई रास्ता निकालने की कोशिश करेंगे. कोशिश रहेगी कि टाटा का मूल स्वभाव बचा रहे.
टाटा ग्रुप का विवाद और गहराया? नोएल टाटा ने मांगी बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग, टाटा संस ने क्यों किया इनकार
टाटा ट्रस्ट्स के अंदर भी चल रही कलह
इस मामले को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के अंदर भी मतभेद देखने को मिल रहा है. अक्टूबर 2024 में रतन टाटा के इस दुनिया से जाने के बाद चेयरमैन बने नोएल टाटा लिस्टिंग के खिलाफ हैं. इसको लेकर ट्रस्ट के वाइस-चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह की राय अलग है. इन दोनों का ही मानना है कि लिस्टिंग और परोपपकार से जुड़ा काम एक साथ चल सकता है. उन्होंने इस पर नोवो नॉर्डिस्क और हर्शे जैसी विदेशी कंपनियों का उदाहरण दिया, जो फाउंडेशन के मालिकाना हक में होकर भी लिस्टेड हैं. उनका तर्क है कि लिस्टिंग से ट्रस्ट का कंट्रोल कम नहीं होगा, बल्कि ट्रांसपेरेंसी बढ़ेगी और दान के लिए ज्यादा डिविडेंड मिलेगा.
प्राइवेट बने रहना क्यों जरूरी?
नोएल टाटा ने अपनी बात के पक्ष में दो तर्क दिये. पहला लिस्टेड कंपनियों से मिलने वाला डिविडेंड ही कल के अस्पताल, स्कूल और बाढ़ जैसी आपदा में राहत का जरिया बनता है. मौजूदा स्ट्रक्चर की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मालिक न तो मर सकता है, न खरीदा जा सकता है और न ही रिटायर हो सकता है. उनका दूसरा तर्क यह है कि प्राइवेट रहने से टाटा संस जरूरत पड़ने पर ग्रुप की किसी भी संकटग्रस्त कंपनी को तुरंत आर्थिक मदद दे पाती है. बाहरी निवेशकों के आने पर हर निवेश का हिसाब-किताब देना होगा और सिर्फ ज्यादा मुनाफे वाले कामों पर ही फोकस रहेगा.
टाटा ग्रुप में सबसे बड़ा बदलाव, 16 साल बाद नोएल टाटा ने छोड़ा चेयरमैन पद; अब किसके हाथ आई कमान?
150 साल पुरानी विरासत से छेड़छाड़ क्यों?
180 अरब डॉलर के कारोबारी ग्रुप की रणनीतिक दिशा पर बात करते हुए नोएल टाटा ने कहा कि एक तरफ परोपकार और दूसरा राष्ट्र निर्माण, यही ग्रुप के डीएनए में है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस सिस्टम ने 150 साल तक देश और समाज को इतना कुछ दिया, उसमें छेड़छाड़ करने की जरूरत क्या है? हालांकि, उन्होंने ग्रुप के कामकाज के तरीके पर हल्का इशारा भी किया. इसे टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के काम करने के तरीके पर एक टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है. टाटा संस की लिस्टिंग का मामला इस समय भारतीय कॉर्पोरेट जगत की सुर्खियों में बना हुआ है.