)
Lakshmi Mittal IPL Deal: देश के करोड़ों क्रिकेट लवर्स और बिजनेस जगत के लिए बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. जी हां, दिग्गज अरबपति लक्ष्मी मित्तल (Lakshmi N Mittal) और सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला (Adar Poonawalla) ने राजस्थान रॉयल्स क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी को खरीदने की तैयारी कर ली है. भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की तरफ से 15,800 करोड़ रुपये (1.65 अरब डॉलर) वाले इस अधिग्रहण को हरी झंडी दे दी गई है. इस मेगा डील के तहत केवल आईपीएल ही नहीं, बल्कि साउथ अफ्रीका और कैरेबियन लीग की टीमें भी नए निवेशक ग्रुप के कंट्रोल में आ जाएंगी.
लक्ष्मी मित्तल और अदार पूनावाला ने राजस्थान रॉयल्स क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी और उसकी दो इंटरनेशनल टीम का अधिग्रहण करने के लिए सीसीआई (CCI) से मंजूरी हासिल कर ली है. यह पूरी डील करीब 1.65 अरब डॉलर (15,800 करोड़ रुपये) की बताई जा रही है. सीसीआई (CCI) ने 17 सितंबर को आईपीएल की इस पसंदीदा टीम के साथ ही साउथ अफ्रीका की एसए20 लीग (SA20 league) की पार्ल रॉयल्स (Paarl Royals) और कैरेबियन प्रीमियर लीग (Caribbean Premier League) की बारबाडोस रॉयल्स (Barbados Royals) के प्रपोजल को भी अपनी मंजूरी दे दी.
क्रिकेट की दुनिया की इस मेगा डील को वेस्टव्यू क्रिकेट लिमिटेड (Westview Cricket Limited) के जरिये पूरा किया जा रहा है. यह ब्रिटेन में रजिस्टर्ड एक इन्वेस्टमेंट कंपनी है, जिसका मालिकाना हक मित्तल फैमिली के पास है. इसके अलावा इस डील में पूनावाला स्पोर्ट्स एंड फिटनेस प्राइवेट लिमिटेड (Poonawalla Sports and Fitness Private Limited) भी शामिल है. रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्मी मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल की अगुवाई में मित्तल फैमिली वेस्टव्यू क्रिकेट के जरिये इस फ्रेंचाइजी ग्रुप का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा खरीदेगा. अदार पूनावाला के पास इसकी करीब 18 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी. मनोज बाडाले समेत दूसरे मौजूदा निवेशक करीब 7 प्रतिशत हिस्सेदारी के मालिक होंगे.
यह डील केवल आईपीएल की राजस्थान रॉयल्स खरीदने तक ही नहीं है. इस डील के तहत पूरा रॉयल्स फ्रेंचाइजी नेटवर्क शामिल किया गया है. मॉरीशस की ईएम स्पोर्टिंग होल्डिंग्स उन संस्थाओं की मालिक है जो राजस्थान रॉयल्स, पार्ल रॉयल्स और बारबाडोस रॉयल्स को ऑपरेट करती हैं. इस डील को जैसे ही अंतिम रूप दिया जाएगा, उसके बाद नया इन्वेस्टर ग्रुप भारत, साउथ अफ्रीका और कैरेबिया के तीन प्रमुख टी20 मार्केट में क्रिकेट टीमों का कंट्रोल अपने हाथ में ले लेगा. इस डील के बाद मित्तल फैमिली का ग्लोबल क्रिकेट में दबदबा काफी बढ़ जाएगा.
पार्ल रॉयल्स साउथ अफ्रीका की डोमेस्टिक टी20 कॉम्पटीशन में खेलती है, जबकि बारबाडोस रॉयल्स सीपीएल (CPL) का हिस्सा है. इस डील की घोषणा साल 2026 की शुरुआत में करीब 1.65 अरब डॉलर (करीब 15800 करोड़) के एंटरप्राइज वैल्यू पर की गई थी. इससे पहले अमेरिकी निवेशकों के एक ग्रुप के साथ लंबी बातचीत के बाद भी डील फाइनल नहीं हो पाई थी. सीसीआई (CCI) की मंजूरी मिलने से प्रतिस्पर्धा कानून की बड़ी बाधा दूर हो गई है. हालांकि, इस डील के लिए बीसीसीआई (BCCI) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल समेत दूसरी रेग्युलेटरी प्रोसेस को पूरा करना होगा.
राजस्थान के सादुलपुर में जन्मे लक्ष्मी मित्तल की पहचान आज देश के दिग्गज कारोबारियों में है. उन्होंने कोलकाता के सेंट जेवियर्स कॉलेज से कॉमर्स की पढ़ाई की है. उन्होंने अपनी फैमिली के स्टील बिजनेस से शुरुआत की और 1976 में इंडोनेशिया में एक मिल का टेकओवर करके अपनी अलग पहचान बनाई. इसके बाद उन्होंने त्रिनिदाद, कजाखस्तान, मैक्सिको, जर्मनी और फ्रांस में बुरे दौर से गुजर रहे प्लांट को खरीदकर फिर से खड़ा किया. 2006 में उन्होंने अपनी कंपनी का मर्जर अर्सेलर के साथ करके अर्सेलरमित्तल बनाई, जो कि आज दुनिया की सबसे बड़ी स्टील बनाने वाली कंपनी है. अब उनकी यह हालिया डील उन्हें क्रिकेट जगत के दिग्गजों में शामिल कर रही है.