)
HDFC Bank Leadership Shift: HDFC बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा ने देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक से इस्तीफा दे दिया है. बैंक ने शनिवार को एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वे 31 दिसंबर को पद छोड़ देंगे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 1995 में बैंक से जुड़े भरूचा ने 31 दिसंबर से सेवा से मुक्त होने का अनुरोध किया था.
बैंक ने बताया कि गवर्नेंस, नॉमिनेशन एंड रेमुनरेशन कमिटी (GNRC) ने 16 अक्टूबर की बैठक में और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 17 अक्टूबर की अपनी बैठक में भरूचा के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.
बैंक के बोर्ड ने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया है और इसे मंजूरी के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के पास भेजने का फैसला किया है. ये घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ICICI ग्रुप के अनुभवी अधिकारी अनूप बागची 27 अक्टूबर को HDFC बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर का पद संभालने वाले हैं. बताया जा रहा है कि भरूचा भी इस शीर्ष पद के लिए दावेदारों में शामिल थे.
ये घोषणा ऐसे समय में हुई है जब HDFC बैंक ने जुलाई-सितंबर तिमाही में मुनाफे में ग्रोथ दर्ज की है. बैंक का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5.55% बढ़कर 20,700 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 19,611 करोड़ रुपये था. स्टैंडअलोन आधार पर नेट प्रॉफिट 4.7% बढ़कर 19,510 करोड़ रुपये हो गया है. कुल आय एक साल पहले के 91,040 करोड़ रुपये से बढ़कर 97,258 करोड़ रुपये हो गई, जबकि कुल खर्च 63,117 करोड़ रुपये से बढ़कर 67,774 करोड़ रुपये हो गया है.
HDFC बैंक ने बताया कि ट्रेजरी परफॉरमेंस को छोड़कर, टैक्स के बाद का मुनाफा सालाना आधार पर 12.6 प्रतिशत बढ़ा है. इस तिमाही के दौरान एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है. 30 सितंबर तक ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (GNPA) रेश्यो घटकर 1.11 प्रतिशत रह गया. ये पिछली तिमाही में 1.17 प्रतिशत और एक साल पहले 1.24 प्रतिशत था. सितंबर के अंत में बैंक का कुल कैपिटल एडिक्वेसी रेश्यो 18.9 प्रतिशत रहा, जबकि एक साल पहले ये 20 प्रतिशत था.
HDFC बैंक ने अनूप बागची को MD और CEO नियुक्त किया है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 1 अक्टूबर 2026 को उनकी नियुक्ति और उन्हें दिए जाने वाले रिम्यूनरेशन को मंजूरी दे दी थी. 27 अक्टूबर 2026 से अनूप बागची की MD और CEO का पद संभालेंगे और उनका कार्यकाल 3 साल का होगा.